अंतिम यात्रा पर निकले मेजर अनुज सूद
- फोटो : अमर उजाला
पश्चिमी कमांड के चीफ ऑफ आर्मी जीएस सांगा ने अनुज सूद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर सेना की ओर से श्रद्धांजलि दी। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने शहीद को मुख्यमंत्री और राज्यपाल की ओर से पुष्पचक्र अर्पित किए। वहीं पुलिस आयुक्त सौरभ सिंह, उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा सहित चंडीगढ़ व पंचकूला के कई प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीद को पुष्पांजलि अर्पित की। उनके अलावा सेना के लेफ्टिनेंट जनरल आरपी सिंह, पश्चिमी कमांड के ब्रिगेडियर टीएस मुंडी ने शहीद मेजर अनुज सूद को पुष्पचक्र अर्पित किए। सेना प्रमुख एमएम नरवाणे, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर के अलावा पूर्व सेनाध्यक्ष वीपी मलिक और ब्रिगेडियर उपकार चंद समेत अन्य सैन्य अधिकारियों ने मेजर सूद को श्रद्धांजलि दी। कोरोना के चलते लोगों ने सामाजिक दूरी बनाते हुए शहादत को नमन किया। इस दौरान ‘मेजर सूद अमर रहे’ के गगनभेदी नारों के बीच अनुज सूद पंचतत्व में विलीन हुए।