करीब ढाई लाख रुपये महीना वेतन पाने वाले पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के घर और ठिकानों से सीबीआई को ऐसे ही 7.50 करोड़ रुपये कैश बरामद नहीं हुआ है। इसके पीछे के राज भी सामने आने लगे हैं। बिचौलिए कृष्णु ने सीबीआई पूछताछ में यह बात कबूल की है कि वह डीआईजी के कहने पर मोहाली, चंडीगढ़, पंचकूला, डेराबस्सी, जीरकपुर, पटियाला और अन्य बहुत सी जगहों पर बड़े लोगों से रकम पकड़ने जाता था।
बिचौलिए ने पूछताछ में बताया कि पिछले कुछ समय से वह हर महीने डीआईजी साहब के कहने पर अलग-अलग लोगों के पास जाकर 5 से 7 लाख रुपये लेकर आता था। कई बार यह रकम डेढ़ से दो महीने के अंदर लाने के लिए कही जाती थी। लेकिन स्क्रैप डीलर अकाश बत्ता से इस बार 8 लाख रुपये रिश्वत लेना दोनों को महंगा पड़ गया।