फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धार्मिक स्थल के पास थूकने पर विवाद, भिड़े दो समुदाय, घरों में घुसकर तोड़-फोड़

Wed, 22 Feb 2017 09:47 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लुधियाना(पंजाब)
विज्ञापन
1 of 8
धार्मिक स्थल के पास थूकने पर विवाद - फोटो : अमर उजाला
धार्मिक स्थल के पास पान थूकने के विवाद में दो समुदायों के लोग आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों में जमकर पत्थरबाजी हुई, तस्वीरें
विज्ञापन

2 of 8
धार्मिक स्थल के पास थूकने पर विवाद - फोटो : अमर उजाला
धार्मिक स्थल के पास पान थूकने के विवाद में मंगलवार को ग्यासपुरा इलाके में बनाए फ्लैटों में रहने वाले दो समुदायों के लोग भिड़ गए। दोनों गुटों में जमकर पत्थरबाजी हुई। पत्थरबाजी और मारपीट में 15 लोग जख्मी हो गए। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं पुलिस मामले को कुछ बच्चों का ही झगड़ा बता रही है। सरकार ने ग्यासपुरा में खाली पड़ी सरकारी जमीन पर 2100 से अधिक फ्लैट बना कर झुग्गियों में रहने वाले लोगों को अलॉट किए थे। अंबेडकर संघर्ष मोर्चा के पप्पू विडलान ने कहा कि सी ब्लाक के सामने कालोनी के लोगों की तरफ से धार्मिक स्थल बनाया गया है। उसके आस-पास कुछ लोग अपनी दुकानें लगाते हैं। 
विज्ञापन

3 of 8
धार्मिक स्थल के पास थूकने पर विवाद
पप्पू ने आरोप लगाया कि दूसरे समुदाय के लोग धार्मिक स्थल के आस-पास पान थूकते थे। यहां सेवा करने वाले गोविंद ने कुछ दिन पहले उन्हें रोका भी था, लेकिन वह नहीं माने। वहां सीवरमैन के तौर पर काम करने वाले काका ने भी उन्हें समझाया, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। सोमवार देर रात इस बात को लेकर गोविंद और उसके भाई अश्वनी की कुछ लोगों के साथ बहस हो गई, लेकिन लोगों के बीच बचाव के चलते मामला शांत हो गया। मंगलवार सुबह गोविंद को किसी काम से बाहर जाना था। अश्वनी धार्मिक स्थल के पास देखने गया कि सब ठीक है तो वहां कुछ लोगों ने उसे गालियां देनी शुरू कर दीं। इसके बाद कहासुनी हो गई। लोगों ने मामला शांत करवाया। 
 

4 of 8
Ludhiana Clash
पप्पू ने आरोप लगाया कि कुछ ही देर बाद दूसरे समुदाय के लोगों ने अश्वनी पर हमला कर दिया। जब उसके साथियों ने विरोध जताया तो उन्होंने अपने घरों की छतों पर चढ़कर ईंट पत्थर मारने शुरू कर दिए। इसके बाद तनाव बढ़ गया। पप्पू के अनुसार पत्थरबाजी में काका, अश्वनी, सुशील, रजत, कमल और उसकी मां सहित करीब 12 लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि जब पुलिस ने हमलावरों को रोका तो हमलावरों ने पुलिस पर भी पथराव किया। पुलिस को भी भाग कर जान बचानी पड़ी। जब फोर्स ज्यादा मात्रा में आई तो पत्थरबाजी करने वाले शांत हुए।
विज्ञापन

5 of 8
Ludhiana Clash - फोटो : अमर उजाला
वहीं दूसरे गुट के प्रधान मुस्ताक अली ने कहा कि सोमवार देर रात को धार्मिक स्थल के आस-पास थूकने का आरोप गलत है। धार्मिक स्थल की सेवा करने वाले गोविंद के साथी शराब पीकर रात को गालियां दे रहे थे। शराब के नशे में उन्होंने पूरे समुदाय को गालियां दी। कुछ लोगों ने विरोध जताया, मगर देर रात मामला शांत हो गया। मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने हथियारों से लैस कर उनके साथियों पर हमला कर दिया। जब वह लोग जान बचाने के लिए अपने घरों में घुसे तो हमलावरों ने घर में घुस कर तोड़ फोड़ की और उनकी महिलाओं के साथ भी मारपीट की। 
विज्ञापन

6 of 8
Ludhiana Clash - फोटो : अमर उजाला
हमलावरों ने उनके बच्चों को भी पीटा। मुस्ताक के अनुसार उन्होंने अपने बचाव के लिए पथराव किया। इसके बाद हमलावर वहां से गए। मुस्ताक ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने गर्भवती कल्लो और मजाकिन को भी पीटा। इस हमले में वह खुद, शायरा, तरवेज, मनिया और सिमलिन भी घायल हुए हैं। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर पत्थर बरसाए और गालियां दीं। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया। पुलिस मुलाजिम घरों की छतों पर भी खड़े हो गए। 
विज्ञापन

7 of 8
Ludhiana Clash - फोटो : अमर उजाला
पुलिस को अलॉट है फ्लैट, मुलाजिम नहीं 
जब लोगों को यहां फ्लैट अलाट किए गए थे तो एक फ्लैट पुलिस को भी अलॉट किया गया था ताकि वहां पुलिस पिकेट बनाई जा सके। कुछ समय तक तो वहां चौकी चलती रही, लेकिन पिछले दो महीने से वहां पर मुलाजिम ही नहीं हैं। एडीसीपी 2 कुलदीप शर्मा ने कहा कि पुलिस के पास थानों में ही मुलाजिम नहीं है तो चौकी में कहां से आएंगे। जब मुलाजिमों की कमी पूरी हो जाएगी तो मुलाजिमों को फ्लैट के अंदर बनी पुलिस पोस्ट में तैनात कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

8 of 8
धार्मिक स्थल के पास थूकने पर विवाद - फोटो : अमर उजाला
अभी तक की जांच में यही पता चला है कि कुछ बच्चों का झगड़ा बढ़ कर दो परिवारों का झगड़ा बन गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों समुदाय के लोग भिड़ गए। दोनों तरफ के लोग एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। दोनों तरफ से पत्थरबाजी भी की गई है। अभी स्थिति कंट्रोल में है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।
- कुलदीप शर्मा, एडीसीपी 2
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें