चंडीगढ़ में नए साल का जश्न
बाइक सवारों का हैप्पी न्यू ईयर चिल्लाना, गाड़ियों के म्यूजिक सिस्टम पर थिरकना, कार के बोनट पर बैठकर न्यू ईयर सेलिब्रेट करने जैसे नजारे शहर के अलग-अलग हिस्सों में दिखाई दिए। इसके अलावा सोसाइटीज में भी लोगों ने परिवार के साथ नए साल का इस्तकबाल किया। चंडीगढ़ क्लब से लेकर चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया के माल ऑडियंस से फुल रहे। एलांते माल के कोर्टयार्ड में जश्न के लिए सैकड़ों की संख्या में भीड़ इकट्ठी रही।
यहां के एक क्लब में परफारमेंस के लिए बुलाई गईं बैले डांसरों ने सभी को अपने डांस से मंत्रमुग्ध कर दिया। पुराने सालों से सबक लेते हुए 12 बजते ही पुलिस डिस्को के बाहर पहुंच गई और शटर गिराने शुरू कर दिए। चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से पहले से ही डिस्को मालिकों को 12 बजे तक साउंड और एक बजे तक खाने-पीने की इजाजत दे रखी थी। जीरकपुर में भी अच्छा-खासा क्राउड देखने को मिला। पहले डिस्कों में लोगों ने सेलिब्रेट किया, फिर सड़कों पर।