छोटे परदे पर मशहूर धारावाहिक एफआईआर में इंस्पेक्टर चंद्रमुखी चौटाला का किरदार निभाने वालीं अभिनेत्री कविता कौशिक गुरूवार को शहर में थीं। इस दौरान उन्होंने बताया कि पति रौनित बिस्वास के जन्मदिन (5 जुलाई) पर इस बार उन्होंने अपने बचपन की एक ख्वाहिश को पूरा किया। यह ख्वाहिश थी जहाज से नीचे कूदने की। कविता की यह ख्वाहिश उनके पति ने उन्हें मॉरिशस ले जाकर पूरी की, जिसे सरप्राइज ही रखा था।
जहाज से कूदने के इस रोचक किस्से के संग उन्होंने अमर उजाला से बातचीत का सिलसिला शुरू किया। गुरूवार को वह यहां अपने पति के साथ अपनी दूसरी पंजाबी फिल्म ‘वधाइयां जी वधाइयां’ के प्रमोशन के लिए पहुंचीं थीं। इस मौके पर मशहूर कॉमेडियन बिन्नू ढिल्लों, निर्देशक समीप कंग, निर्माता अतुल भल्ला, अमित भल्ला मौजूद थे। बिन्नू ढिल्लों की होम प्रोडक्शन नौटी मैन प्रोडक्शन के सहयोग से बनी यह फिल्म 13 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
विज्ञापन
2 of 3
कविता कौशिक
अभिनेत्री ने कहा कि पंजाबी फिल्म में यूं तो हीरोइन का रोल सिर्फ ग्लैमर और नाचने गाने तक होता है लेकिन उन्होंने ऐसी फिल्में नहीं करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में उनका काम भी देखने को मिलेगा।
मैं बस अच्छा काम करना चाहती हूं, सिनेमा कोई भी हो
अभिनेत्री ने कहा कि पंजाबी हो या फिर हिंदी फिल्म, वह अच्छे रोल एवं कहानी पर काम करना चाहती हैं क्योंकि दमदार रोल से ही एक कलाकार के अभिनय के बारे में पता चलता है। वह भविष्य में भी अच्छे रोल को ही प्रमुखता देंगी।
पति ने मुझे पिता के निधन पर टूटने से बचाया
चंद्रमुखी चौटाला बनकर दर्शकों के दिल पर राज करने वाली अभिनेत्री कविता ने कहा कि जब उनके पिता का निधन हुआ तो वह गम सहना बहुत मुश्किल था लेकिन उनके पति ने उनको हर पल सहारा दिया और उन्हें टूटने से बचा लिया।
टीवी पर अब अच्छा काम कम ही हो रहा है
कविता ने बिंदास अंदाज में कहा कि छोटे परदे पर अब न तो कहानी पर काम किया जा रहा है और न ही रोल पर। इसी वजह से उन्होंने छोटे परदे से कुछ दूरी बना ली है क्योंकि वे अच्छे रोल करना चाहती हैं।