चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (सीयू) में छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाने की आरोपी छात्रा के मोबाइल फोन से 15 वीडियो और मिले हैं। इनमें किसी का चेहरा तो नजर नहीं आ रहा है लेकिन सभी वीडियो कमर के निचले हिस्से के हैं। एसआईटी आरोपी छात्रा से यह पता लगाने में जुटी है कि यह वीडियो किसके हैं। एसआईटी ने मंगलवार को आरोपियों से साढ़े छह घंटे तक पूछताछ की और 50 से ज्यादा सवाल पूछे। वहीं पुलिस ने दो और युवकों को हिरासत में लिया है। सीयू वीडियो कांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, उसमें कई खुलासे हो रहे हैं। रविवार तक पुलिस की ओर से किया जा रहा यह दावा भी दम तोड़ता नजर आ रहा है, जिसमें कहा गया था कि छात्रा के मोबाइल से सिर्फ एक ही वीडियो मिला है। आरोपी छात्रा से मंगलवार को लंबी पूछताछ में एसआईटी को जो महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, उससे यह मामला सिर्फ बॉयफ्रेंड को वीडियो भेजने तक सीमित नहीं है।