शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों के पास बचत के परंपरागत साधनों का ही विकल्प बचता है। वहीं, रेपो रेट में लगातार कटौती से सभी बैंक एफडी जैसी जमाओं पर भी ब्याज घटाते जा रहे हैं। ऐसे में अपरिवर्तनीय ऋण पत्र (एनसीडी) पर अभी भी 11 फीसदी तक ब्याज हासिल किया जा सकता है। इस समय बाजार में कई गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियां अपना एनसीडी ला रही हैं, जहां निवेश कर आप पीपीएफ, एफडी से कहीं ज्यादा रिटर्न पा सकते हैं।