सोना
- फोटो : pixabay
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड
निवेशक सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (Sovereign Gold Bond) योजना के तहत बाजार मूल्य से काफी कम दाम में सोना खरीद सकते हैं। यह योजना सिर्फ पांच दिनों के लिए होती है और आज धनतेरस का दिन निवेश का आखिरी दिन है। इसलिए अगर आप इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, तो देर ना करें। योजना के तहत आप 5,177 रुपये प्रति ग्राम पर सोना खरीद सकते हैं। यानी अगर आप 10 ग्राम सोने खरीदते है तो उसकी कीमत 51,770 रुपये बैठती है और गोल्ड बॉन्ड की खरीद ऑनलाइन तरीके से की जाती है, तो सरकार ऐसे निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की अतिरिक्त छूट देती है। यानी ऑनलाइन सोना खरीदने पर निवेशकों को प्रति ग्राम सोना 5,127 रुपये का पड़ेगा। ऐसे में आपको 51,270 रुपये में 10 ग्राम सोना मिल जाएगा।
यह भी पढ़ें:
आज धनतेरस पर सस्ते में खरीदें सोना, जल्द उठाएं इस सरकारी योजना का लाभ
यहां से कर सकते हैं निवेश
भारत सरकार की ओर से ये बॉन्ड रिजर्व बैंक जारी करता है। गोल्ड बॉन्ड आप बैंकों, डाकघरों, एनएसई और बीएसई के अलावा स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के जरिए भी खरीद सकते हैं।
इतना मिलेगा ब्याज
गोल्ड बॉन्ड की परिपक्वता अवधि आठ साल की होती है और इस पर सालाना 2.5 फीसदी का ब्याज मिलता है। बॉन्ड पर मिलने वाला ब्याज निवेशक के टैक्स स्लैब के अनुरूप कर योग्य होता है, लेकिन इस पर स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) नहीं होती है।