बचत के लिए जरूरी है खर्च से पहले बचत की राशि का अलग निकाल देना। बचत कभी भी खर्चे पूरे करने के बाद नहीं होती है। अपनी सैलरी में से कुछ हिस्सा चाहे दस या 20 फीसदी राशि को बचत के लिए पहले निकाल देना चाहिए, तभी आप सैलरी का कुछ हिस्सा निकाल सकते हैं। बचत के लिए जरूरी है अनुशासन और नियंत्रण बनाए रखना।
रिटायरमेंट में आराम की जिंदगी बितानी हो या अपने फाइनेंशियल टारगेट पूरे करने हो, इसके लिए बचत जरूरी है। निवेश करके भी बचत की जा सकती है, इसके अलावा आप निवेश के कुछ नियम अपनाकर भी बचत कर सकते हैं। इन नियम में सिर्फ सात साल नियमित निवेश से आपका पैसा दोगुना हो जाएगा।
यही नहीं अगर निवेश के लक्ष्य और बढ़ाया जाए तो 14 साल में आपका पैसा तीन गुना हो सकता है। क्या हैं ये नियम आइए जानते हैं...
चक्रवृद्धि ब्याज करता है मदद
निवेश का असली फल अगर चाहिए तो लंबी अवधि के लिए निवेश करें। लंबी अवधि के लिए निवेश करेंगे तो ज्यादा से ज्यादा रिटर्न मिलने की संभावनाएं रहती हैं। आपको करना यह है कि अपने निवेश की निरंतरता को बनाए रखना है और बाकी का काम चक्रवृद्धि ब्याज करता रहेगा।
चक्रवृद्धि ब्याज का प्रभाव हमेशा लंबी अवधि में देखने को मिलता है, जिससे ज्यादा पैसा बनाने में निवेशक को कामयाबी मिलती है। वैसे भी फाइनेॆशियल प्लानर निवेशकों को लंबी अवधि के लिए ही निवेश करने की सलाह देते हैं। लंबी अवधि में निवेश करने से जोखिम का खतरा संतुलित रहता है।
कैसे काम करता है चक्रवृद्धि ब्याज?
मान लीजिए आप 100 रुपये कहीं जमा करते हैं और उस पर सालाना दस प्रतिशत का ब्याज मिलता है। इस हिसाब से एक साल बाद आपके पास 110 रुपये हो जाएंगे। अगले वर्ष चक्रवृद्धि के कारण आपको 110 रुपये पर दस प्रतिशत का ब्याज मिलेगा और आपके पैसे बढ़ कर 121 रुपये हो जाएंगे।
ऐसा ही तीसरे साल होगी जब आपके 121 रुपये पर दस प्रतिशत ब्याज मिलेगा और यह सिलसिला साल दर साल चलता रहेगा। चक्रवद्धि ब्याज के जरिए आपको समय-समय पर आपके पैसों में आश्चर्यजनक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। जिससे आपका मन भी खुश रहेगा और आपकी निवेश करने की चाहत बनी रहेगी।
दोगुने कब होंगे पैसे?
बचत के पैसे दोगुने कब होंगे इसकी गणना के लिए एक आम नियम काफी प्रचलित है। यह नियम है रूल 72, फाइनेंस में इसका खूब इस्तेमाल होता है। रूल 72 के जरिए आप यह जान सकते हैं कि आपके निवेश के पैसे कितने समय में दोगुने हो जाएंगे।इसके लिए एक फॉर्मूला बनाया गया है, आइए जानते हैं क्या है वो फॉर्मूला...
अगर आप 100 रुपये का निवेश करते हैं जिस पर सालाना दस प्रतिशत का चक्रवृद्धि ब्याज मिलता है तो रूल 72 के अनुसार इस निवेश को दोगुना होने में 72/10=7.2 साल लगेंगे, यानि कि दोगुने में करीब साढ़े सात साल लगेंगे। वहीं अगर आप एक लाख रुपये निवेश करते हैं तो लगभग सात साल में वह दो लाख रुपये हो जाएंगे। इसके लिए निवेश की निरंतरता और वर्तमान फंड में बढ़ोतरी करना न भूलें।
निवेश की जल्द शुरुआत के लाभ
अगर आप अपनी रिटायरमेंट के लिए करोड़ों रुपये की बचत करना चाहते हैं तो जितनी जल्दी निवेश की शुरुआत करेंगे, उतना ज्यादा लाभ आपको मिलेगा। अगर आप 25 साल की उम्र से 5,000 रुपये का निवेश शुरू करते हैं और इस पर सालाना दस प्रतिशत का रिटर्न मिलता है तो 60 साल की उम्र में आपके पास एक करोड़ रुपये से ज्यादा का फंड होगा।
कितने साल में तीन गुना होगा पैसा
नियम 114 बताता है कि कितने साल में आपके निवेश की राशि तीन गुना हो सकती है। इसके लिए आपको करना यह होगा कि जो ब्याज आपको मिल रहा है उसे 114 से भाग देना होगा। मान लीजिए कि आपको सालाना आठ फीसदी ब्याज मिल रहा है तो 114 को आठ से भाग देना होगा यानि कि 114/8 = 14.25 साल। इसका मतलब यह हुआ कि पैसा तीन गुना होने में 14.25 साल का समय लगेगा।
कितने साल में चार गुना होगा पैसा
नियम 144 बताया कि आपका पैसा कितने साल में चार गुना बढ़ जाएगा। आठ फीसदी के सालाना ब्याज दर से निवेश किया है तो 18 सालों में आपका पैसा चार गुना हो जाएगा।