साल 2022 का बजट हाल ही मे पेश किया जा चुका है। नए बजट के तहत जल्द ही कर्मचारियों के लिए नया वेज कोड लागू किया जा सकता है। वहीं इसके लागू होने पर देशभर में लोगों पर काफी बड़ा असर पड़ने वाला है। कर्मचारियों की सैलरी से लेकर पेंशन तक में बदलाव होना तय है। बजट में कई प्रावधान किए गए हैं जिनको जानना आपके लिए बेहद जरूरी है। रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा है कि नए वित्तीय वर्ष से नया वेज कोड लागू किया जा सकता है। हालांकि आधिकारिक तौर पर अब तक सरकार की ओर से इस पर कुछ नहीं कहा गया है। दरअसल, वेज कोड एक्ट, 2019 के अनुसार किसी कर्मचारी का मूल वेतन कंपनी की लागत का 50 परसेंट से कम नहीं हो सकता है। कई कंपनियां बेसिक सैलरी को बहुत कम करके ऊपर से भत्ते ज्यादा देती हैं, ताकि कंपनी पर बोझ कम हो। वहीं अब वेज कोड एक्ट, 2019 के लागू होने पर कर्मचारियों का सैलरी स्ट्रक्चर पूरा बदल जाएगा।