देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज जन्मदिन है। पीएम मोदी आज 72 साल के हो गए। आइए जानते हैं कि प्रधानमंत्री के पास कितनी संपत्ति है? उनका घर कहां-कहां है? उन्होंने किन-किन चीजों में निवेश किया हुआ है? पिछले दिनों प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस बारे में पूरी जानकारी दी गई है।
पीएम के पास है 2.23 करोड़ रुपये की संपत्ति
खुद को देश का प्रधानसेवक कहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी के पास कुल 2.23 करोड़ (2,23,82,504) रुपये की कुल संपत्ति है। यह जानकारी पीएम कार्यालय की ओर से दी गई है। इस जानकारी के अनुसार बीते एक वर्ष के दौरान पीएम की संपत्ति में करीब 26 लाख रुपये का इजाफा हुआ है।
गांधीनगर की जमीन में अपना हिस्सा पीएम ने किया दान
पीएमओ के आंकड़ों के अनुसार पीएम के पास मौजूद 2.23 करोड़ रुपये में से अधिकांश पैसे उनके अलग-अलग बैंक खातों में जमा हैं। ताजा जानकारी के अनुसार पीएम के पास कोई अचल संपत्ति नहीं है। पहले गांधीनगर में उनके पास साझेदारी में एक जमीन थी, अब उन्होंने इस जमीन में अपना हिस्सा दान में दे दिया है।