अदाणी समूह की कंपनियों ने वित्त वर्ष 2023-24 में 58,104 करोड़ रुपये का कर चुकाया है। समूह ने वित्त वर्ष 2022-23 में 46,610 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाया था। अदाणी समूह ने बताया कि भुगतान किए गए करों में वैश्विक कर, शुल्क और अदाणी पोर्टफोलियो की कंपनियों की ओर से वहन किए गए अन्य शुल्क, अन्य हितधारकों की ओर से जुटाए व भुगतान किया गया अप्रत्यक्ष कर योगदान व शुल्क और कर्मचारियों के लाभ के लिए सामाजिक सुरक्षा योगदान शामिल हैं। दरअसल, अरबपति गौतम अदाणी की अगुवाई वाले समूह ने वित्त वर्ष 2023-24 (अप्रैल, 2023 से मार्च, 2024) के लिए अपनी कर पारदर्शिता रिपोर्ट जारी की है।
समूह की सात सूचीबद्ध कंपनियों अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन, अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, अदाणी पावर, अदाणी टोटल गैस और अंबुजा सीमेंट्स की ओर से प्रकाशित स्वतंत्र रिपोर्टों में इसकी जानकारी दी गई है। इस आंकड़े में तीन अन्य सूचीबद्ध कंपनियों एनडीटीवी, एसीसी और सांघी इंडस्ट्रीज द्वारा चुकाया गया कर भी शामिल है, जो सात कंपनियों के पास है।