शेयर बाजार
- फोटो : PTI
2025 के पहले दो महीनों में एक लाख करोड़ रुपये की निकासी
नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (एनएसडीएल) द्वारा जारी आंकड़ों पर नजर डाले तो, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 2025 के पहले दो महीनों में भारतीय बाजारों से एक लाख करोड़ रुपये अधिक की इक्विटी निकाली है। इस साल अब तक एफपीआई द्वारा कुल निकासी 1,01737 करोड़ रुपये है, जो देश के शेयर बाजार में सबसे बड़ी पूंजी पलायन है। 17 फरवरी से 21 फरवरी के बीच एफपीआई ने 2,437.04 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। यह पिछले सप्ताह की तुलना में बिक्री की तीव्रता में कमी दर्शाता है। वही भारती एयरटेल के शेयरों में भारी मात्रा में निवेश के कारण बिक्री दबाव में कमी आई है, जिससे बाजार को कुछ राहत मिली।
बीते चार पखवाड़ों में सात क्षेत्रों से एफपीआई ने निकाले पैसे
सैमको सिक्योरिटीज की रिपोर्ट के अनुसार लगातार चार पखवाड़ों से सात प्रमुख सेक्टर में एफपीआई की ओर से निकासी देखी गई है, जो एफपीआई के मंदी को रुख को दर्शाता है। पिछले कुछ महीनों में वित्तीय क्षेत्र में एफपीआई की ओर से काफी मंदी और दबाव रहा है। जिसमें चार पखवाड़े में सबसे अधिक 34,631 करोड़ रुपये की निकासी दर्ज की गई है। इसके बाद दूसरा एफएमसीजी सेक्टर है जहां 10,898 करोड़ रुपये की निकासी की गई है। रिपोर्ट के अनुसार कंट्रक्शन मटेरियल सेक्टर में 2,024 करोड़ रुपये की निकासी हुई है, जिससे एफपीआई होल्डिंग्स में 1,16,187 करोड़ रुपये के पिछले एसेट अंडर कस्टडी (एयूसी) से 1.74 प्रतिशत की कमी आई। वहीं ऑयल गैस सेक्टर में 2,434 करोड़ रुपये की निकासी हुई।