घड़ियां हमें सही वक्त बताने के लिए होती हैं ताकि हम वक्त पर अपने काम पूरे कर सकें। देर न हो, न ही वक्त से पहले कोई काम हो। पर, अगर घड़ी ही लेट हो जाए, या तेज चले तो? हमारा तो सारा का सारा शेड्यूल ही बिगड़ जाएगा। समय पर दफ्तर पहुंच नहीं पाएंगे। काम में देरी होगी या वक्त से पहले पहुंच जाएंगे।
दुनिया में एक घड़ी ऐसी भी है जो वक्त की चाल से तेज है। ये घड़ी है स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबरा में। यहां के पुराने शहर में स्थित बालमोरल होटल में लगी ये घड़ी हमेशा वक्त से आगे भागती है। मजे की बात ये है कि इस तेजी में भी वक्त की पाबंदी का ख्याल रखती है ये घड़ी। बालमोरल होटल के घंटाघर में लगी ये घड़ी पूरे तीन मिनट की तेजी से चलती रहती है, हमेशा।