Mars Mystery: क्या ब्रह्मांड में पृथ्वी के अलावा कहीं और जीवन है? सालों से वैज्ञानिक इस सवाल का जवाब तलाश रहे हैं। इसके लिए वह अलग-अलग ग्रहों के बारे में जानने की कोशिश कर रहे हैं। वैज्ञानिकों में मंगल ग्रह को लेकर काफी उत्सुकता है। अब इस बीच उन्होंने मंगल ग्रह पर कुछ ऐसा देखा जिससे वह हैरत में पड़ गए।
दरअसल, वैज्ञानिकों को मंगल ग्रह के उत्तरी ध्रुव (North Pole of Mars) पर कई रहस्यमयी आकृतियां दिखी हैं। मंगल ग्रह की सतह के नीचे ये आकृतियां स्थित हैं। सबसे हैरानी वाल बात यह है कि इनमें एक कुत्ते जैसी दिखने वाली आकृति है। यह एक ब्लॉब (Blob) है, जो देखने में किसी कुत्ते जैसी दिखती हैं। इस मार्टियन डॉग (Martian Dog ) को देखकर वैज्ञानिक हैरान रह गए।
वैज्ञानिक मंगल ग्रह के गुरुत्वाकर्षण क्षेत्र का नक्शा बना रहे थे। इस दौरान उन्होंने उत्तरी ध्रुव पर कई रहस्यमयी और घनी आकृतियां देखीं। यह आकृतियां ज्यादा ग्रैविटी वाले ब्लॉब हैं। इन्हें थक्का या कोई बेहद घनत्व वाला स्थान कहा जा सकता है। इसका बनना भी एक रहस्य है। अब सवाल है कि आखिर इनका निर्माण कैसे हुआ?