Cloudburst: देश के लिए बारिश का मौसम खुशाहली लेकर आता है। किसानों के लिए बारिश किसी वरदान से कम नहीं है, क्योंकि भारत में 50 फीसदी से ज्यादा कृषि भूमि बारिश पर निर्भर है। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलती है, लेकिन दूसरी तरफ बारिश के मौसम में बाढ़, लैंडस्लाइड और बादल फटने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इस मौसम में कहीं अचानक बादल फटने से, तो कहीं बाढ़ की वजह से तबाही मचती है। आइए जानते हैं कि आखिर अचानक क्यों बादल फटता है?
प्राकृतिक प्रक्रिया है बादल फटने की घटना
बादल फटने की घटना एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। पहाड़ी इलाकों में अक्सर बादल फटने की घटना सामने आती हैं। बादल फटने की घटनाएं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर के राज्यों में होती है। हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटनाएं हुई हैं। पहलगाम, उधमपुर के अलावा राजौरी और पुंछ के पहाड़ी इलाकों में भी बादल फटे हैं, जिसके कारण भारी नुकसान हुआ है। अचानक आए सैलाब और भूस्खलन से कई घर बह गए और कई लोगों की मौत हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में हर साल मानसून के दौरान इसी तरह की आपदाएं आती हैं।