Interesting Facts About Zebra: दूर से देखने पर काले-सफेद धारियों में सजा जेब्रा किसी पेंटिंग जैसा खूबसूरत लगता है, मासूम आंखें और शांत सा अंदाज। लेकिन जैसे ही आप इसकी असल दुनिया को करीब से समझते हैं, तो तस्वीर बदल जाती है। यह दिखने में भले ही सौम्य लगे, पर स्वभाव से यह अफ्रीका के सबसे जिद्दी और खतरनाक जानवरों में गिना जाता है।
जेब्रा की ताकत और तेवर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शेर और चीता जैसे शिकारी भी इसे आसानी से निशाना नहीं बनाते। अफ्रीकी सवाना और घास के मैदानों में रहने वाले इस जानवर की तीन प्रमुख प्रजातियां होती हैं, प्लेन्स, माउंटेन और ग्रेवी जेब्रा। इनमें प्लेन्स जेब्रा सबसे ज्यादा देखा जाता है। इंसानों ने जहां घोड़े को हजारों साल पहले पालतू बना लिया, वहीं जेब्रा को काबू में करने की हर कोशिश नाकाम रही। इसकी वजह है इसका बेकाबू, स्वतंत्र और आक्रामक स्वभाव।