G20 Summit in India: जी 20 के कार्यक्रम के लिए प्रगति मैदान के भारत मंडपम को बेहद खूबसूरत सजाया गया है। भारत मंडपम में लगाई गई नटराज की प्रतिमा ने सभी की ध्यान अपनी तरफ खींचा है। नटराज की यह प्रतिमा अष्टधातु से बनाई गई है और दुनिया में सबसे ऊंची मूर्ति है। नटराज को भगवान शिव का रूप माना जाता है। मान्यता है कि भगवान शिव इस रूप में तांडव नृत्य की एक मुद्रा में हैं। यह मूर्ति 27 फीट ऊंची और 18 टन वजनी है।
क्या है मूर्ति की खासियत
तमिलनाडु के स्वामी मलाई के प्रसिद्ध मूर्तिकार राधाकृष्णन स्थापति और उनकी टीम ने नटराज की इस मूर्ति को बनाया है। चोल साम्राज्य के समय से राधाकृष्णन के पूर्वज मूर्तियां बनाते आ रहे हैं। 18 टन वजनी यह मूर्ति अष्टधातु- कॉपर, जिंक, लीड, टिन, सिल्वर, गोल्ड, मरकरी और आयरन से बनाई गई है। इसको बनाने में करीब 10 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। दावा है कि अष्टधातु से बनी यह दुनिया की सबसे ऊंची नटराज की मूर्ति है।