Alien News: क्या ब्रह्मांड में पृथ्वी के अलावा किसी अन्य ग्रह पर भी जीवन मौजूद है? सालों से इस सवाल का जवाब वैज्ञानिक तलाशने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें कोई सफलता नहीं मिली है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने एलियंस की खोज के लिए कई कदम उठाए हैं। नासा के प्रमुख बिल नेल्सन का मानना है कि ब्रह्मांड में एलियंस हैं। नेल्सन ने बीते साल एलियन को लेकर एक रिपोर्ट जारी करते हुए कहा था कि मैं व्यक्तिगत तौर पर मानता हूं कि ब्रह्मांड के दूसरे हिस्सों में जीवन है। उनका कहना है कि एलियंस को खोजने की जरूरत है। हालांकि, वैज्ञानिकों के पास अभी एलियन के कोई सबूत नहीं हैं।
नासा का कहना है कि एलियन की खोज नहीं हो सकी है, लेकिन इसे नकारा नहीं जा सकता है। अब इन सवालों के बीच नासा की पूर्व वैज्ञानिक लिसा कल्टेनेगर ने हाल ही में एक हैरान करने वाला खुलासा किया है। उन्होंने संभावना जताई है कि ब्रह्मांड में ऑक्टोपस की तरह नजर वाले एलियन का अस्तित्व हो सकता है।