आपने कभी न कभी फ्लाइंग डचमैन शिप के बारे में जरूर सुना होगा। अगर नहीं, तो आज हम इसी जहाज के रहस्यों के बारे में बात करने वाले हैं। मान्यता है कि ये भूतिया जहाज पिछले 400 सालों से श्रापित होकर समुद्रों में भटक रहा है। इस श्रापित जहाज को लेकर कई किस्से कहानियां हैं, जिसके चलते ये हमेशा चर्चा में बना रहता है। इस जहाज को देखना काफी अपशकुन माना गया है। मान्यता है कि अगर किसी व्यक्ति ने इसे समुद्र में देख लिया तो वो और उसका जहाज पूरी तरह बर्बाद हो जाता है।
इस श्रापित जहाज को लेकर विश्व भर में कई टेलीविजन शो और लोकप्रिय फिल्में भी बन चुकी हैं। यही नहीं अब तक कई लोगों ने फ्लाइंग डचमैन को देखने का दावा किया है। हालांकि उनके दावे में कितनी सच्चाई है ये कोई नहीं जानता। 20वीं सदी के मशहूर लेखक "निकोलस मॉन्सर्रेट" ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान प्रशांत महासागर में इसे देखने का दावा किया था।