मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर स्थित खेल भवन के प्रांगण में खेलो इंडिया स्टेट लेवल वूमेंस वूशु लीग की शानदार शुरुआत हुई। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से 300 से अधिक महिला खिलाड़ी भाग ले रही हैं। डिप्टी मेयर डॉ. मोनालिसा ने खुद वूशु खेलकर टूर्नामेंट का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय वूशु खिलाड़ी ईशा मिश्रा भी मौजूद रहीं।
खिलाड़ियों में दिखा जबरदस्त जोश
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में दीप प्रज्वलित कर विधिवत कार्यक्रम की शुरुआत की गई। खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा गया। विभिन्न जिलों से आई महिला खिलाड़ियों ने अपने जोश और हुनर से माहौल को रोमांचक बना दिया। डिप्टी मेयर डॉ. मोनालिसा ने कहा कि खेलो इंडिया के तहत राज्य स्तर पर इस तरह के आयोजन से खिलाड़ियों में न सिर्फ प्रतिस्पर्धा की भावना जागती है, बल्कि खेल के प्रति उनका समर्पण और जुनून भी बढ़ता है। सरकार की यह पहल सराहनीय है, क्योंकि यह खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मौका देती है।