नेपाल और तराई क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से मुजफ्फरपुर जिले में बागमती नदी खतरे के निशान को पार कर गई है। वहीं, अब गंडक नदी के जलस्तर में भी काफी बढ़ोतरी हो गई है। इस वजह से जिले में एक बार फिर से बाढ़ का संकट बढ़ गया है। इस स्थिति को देखते हुए मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और बड़ी तैयारी में जुटा हुआ है। बागमती नदी से जहां औराई प्रखंड और कटरा प्रखंड क्षेत्र में लगातार बढ़ोतरी से संकट बढ़ गया है। वहीं, गायघाट प्रखंड में भी बाढ़ का खतरा मंडराने लग गया है। इसके साथ गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से जिले के तीन प्रमुख प्रखंड साहेबगंज, सरैया, और पारू के इलाकों की बाढ़ से प्रभावित होने की संभावना भी बढ़ गई है। इसे लेकर जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट जारी करते हुए मौके पर कैंप करने के निर्देश दिए हैं।