रंगों का त्योहार होली पूरे बिहार में धूमधाम से मनाया गया। आम हो या खास, सभी रंगों में सराबोर नजर आए। इसी सिलसिले में बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने भी अपने सहरसा स्थित आवास पर समर्थकों और शुभचिंतकों संग धूमधाम से होली मनाई। मंत्री बबलू ने गुलाल लगाकर सबको होली की शुभकामनाएं दीं और इस उत्सव को प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बताया।
यह भी पढ़ें- Holi 2025:बिहार में होली की बधाई के बहाने सियासत, लालू बोले- बुराई का अंत होगा, नीतीश-भाजपा ने दिया यह संदेश
ढोल-नगाड़ों की धुन पर मंत्री संग झूमे समर्थक
मंत्री नीरज बबलू के आवास पर होली का भव्य आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पारंपरिक फगुआ गीतों की मधुर धुन और ढोल-नगाड़ों की थाप पर माहौल पूरी तरह रंगीन हो गया। खुद मंत्री नीरज बबलू भी इस उत्सव में पूरे उत्साह से शरीक हुए और फगुआ गीतों पर ठुमके लगाते नजर आए। समर्थकों ने गुलाल लगाकर मंत्री का स्वागत किया और जश्न में पूरी तरह शामिल रहे।