ह्यूंदै की कॉम्पैक्ट सेडान कार लॉन्चिंग से ही इस सेगमेंट में पिछड़ती रही है। यहां तक कि फेसलिफ्ट लाने के बाद भी इसकी बिक्री खासा जोर नहीं पकड़ पाई। मारुति डिजायर और होंडा अमेज के सामने एक्सेंट फेल हो गई। वहीं अब ह्यूंदै नई एक्सेंट लाने की तैयारी कर रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक नेक्स्ट जनरेशन ह्यंदै एक्सेंट जल्द ही बाजार में आएगी, लेकिन उसका नाम बदला हुआ होगा। कंपनी एक्सेंट को Hyundai Aura के नाम से लॉन्च करेगी। जिसमें कंफर्ट, सेफ्टी, स्टाइल और टेक्नोलॉजी का ख्याल रखा जाएगा। कंपनी का कहना है कि उसने कार का नाम ‘वाइब्रेंस ऑफ पॉजिटिविटी’ और ‘स्प्रिट टू गो द डिस्टेंस’ से प्रभावित हो कर रखा है।
सूत्रों का कहना है कि कंपनी इस बात को जानती थी कि उसकी कार टैक्सी में काफी लोकप्रिय है और कंपनी एक्सेंट को इसी नाम से लॉन्च करके इसकी कैब वाली इमेज फिर से नहीं बनाना चाहती थी। जिसके चलते उसने ऑरा नाम पसंद किया। वहीं यह भी खबरें है कि ह्यूंदै कॉमर्शियल खरीदारों जैसे टैक्सी ऑपरेटर्स के लिए एक्सेंट के लो वेरियंट्स बनाती रहेगी।
उम्मीद जताई जा रही है आने वाली नेक्स्ट जनरेशन एक्सेंट यानी ओरा को बीएस6 इंजन के साथ लॉन्च किया जाएगा। साथ ही अगले साल 2020 से लागू होने वाले पेडेस्टेरियन प्रोटेक्शन नॉर्म्स को भी इस कार में लागू किया जा सकता है। वहीं नई ह्यूंदै ओरा का लुक नई ग्रैंड आई10 NIOS से मिलता-जुलता होगा।
ह्यूंदै मोटर्स की अक्तूबर में 2.2 फीसदी बिक्री गिरी है। अक्तूबर में 63,610 यूनिट्स बिकीं। वहीं घरेलू बाजार में 3.8 फीसदी की गिरावट आई है और कुल 50,010 यूनिट्स की बिक्री हुई, जबकि इसी दौरान पिछले साल 52,001 यूनिट्स की बिक्री हुई थी।