संक्रमण ने पूरी दुनिया में ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री को बुरी तरह प्रभावित किया है। गाड़ियों की कम बिक्री से सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देश जूझ रहे हैं। ऐसे मुश्किल हालात में वाहन डीलर खरीदारों को लुभाने के लिए एक से बढ़कर एक स्कीम लेकर आ रहे हैं।
फिलीपींस में कारों की बिक्री बढ़ाने के लिए डीलरशिप मुफ्त कारें दे रहे हैं। इतना ही नई कार के लिए डाउनपेमेंट की राशि भी घटाकर सिर्फ 20 डॉलर (करीब 1500 रुपये) कर दी है।
किआ मोटर्स कार्पोरेशन की Picanto (पिकांटो) हैचबैक कार सिर्फ 1,000 पेसो (करीब 18 डॉलर) के डाउनपेमेंट के साथ उपलब्ध है। फिलीपींस की वाहन निर्माता इकाई ने एक बयान में कहा चुनिंदा ग्राहक K2500 वाणिज्यिक ट्रकों के लिए 18,000 पेसो का भुगतान कर इसके मालिक बन सकते हैं।
ऑनलाइन कार मैगजीन टॉप गियर फिलीपींस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी क्षेत्र की एक ह्यूंदै डीलरशिप इस महीने 2.5 मिलियन पेसो (करीब 38 लाख रुपये) कीमत की Santa Fe एसयूवी खरीदने पर 683,000 पेसो (करीब 10 लाख रुपये) कीमत की Accent या Reina sedan कार मुफ्त दे रही है।
स्थानीय बीएमडब्ल्यू वितरक, सैन मिगुएल कॉर्प भी कारों की कीमतों में भारी कमी कर दी है। सैन मिगुएल कॉर्प की फेसबुक पेज के मुताबिक उसने इस महीने अपने लक्जरी 5, 6 और 7 सीरीज मॉडल की कारों की कीमतों में लगभग एक तिहाई की कमी की है।
संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए फिलीपींस में सरकारी दिशानिर्देशों को सख्ती से लागू किया गया। मार्च के मध्य से लोगों को घरों में रहने के निर्देश थे और देश में बेरोजगारी में रिकॉर्ड बढ़ोतरी की वजह से एक साल पहले की तुलना में मई में 4,788 वाहनों की बिक्री के साथ 85 फीसदी की गिरावट आई। ब्लूमबर्ग द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल के महीने में सिर्फ 133 कारों की बिक्री हुई थी, जो कि सबसे कम था।