मकर राशिफल 2023
Capricorn Yearly Horoscope 2023 Predictions In Hindi: मकर राशि के जातकों के लिए राशि स्वामी शनि 17 जनवरी को कुंभ राशि में प्रवेश कर आपके दूसरे भाव में प्रवेश करेंगे। शनि के इस गोचर के कारण अब आप साढ़ेसाती के अंतिम चरण में प्रवेश करेंगे और आपको अब धीरे-धीरे अपने काम में प्रगति मिलती जायेगी। शनि देव की कृपा से अब आपके रुके हुए काम पूरे होने लग जाएंगे। इस समय आप एक नई आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहेंगे। अप्रैल अंत में देव गुरु बृहस्पति मीन राशि से निकलकर मेष राशि में प्रवेश करेंगे और आपके चौथे भाव को प्रभावित कर संपत्ति प्राप्ति के योग बनाएंगे। 22 अप्रैल से 30 अक्टूबर तक गुरु और राहु की मेष राशि में युति से गुरु चांडाल दोष का निर्माण होगा जिससे आपको थोड़ा मानसिक कष्ट भी संभव है। 30 अक्टूबर को राहु मेष राशि से निकलकर मीन राशि में संचरण करेंगे और आपके पराक्रम भाव में गोचर करेंगे। वही केतु का गोचर आपके नवम भाव में कन्या राशि में होगा। राहु का गोचर अब आपके लिए शुभ होगा और आपके साहस में वृद्धि होगी वही केतु आपके धार्मिक पक्ष को मजबूत करने का काम करेगा। बाकी ग्रहों का गोचर भी आपके जीवन को प्रभावित करेगा जिसका विवरण नीचे प्रस्तुत है।