फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weekly Horoscope (3 to 9 March): इस सप्ताह इन पांच राशियों को मिलेगा भाग्य का साथ, पढ़ें साप्ताहिक राशिफल

Mon, 03 Mar 2025 07:01 AM IST
विनोद शुक्ला ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला

सार

यह सप्ताह Weekly Rashifal  (03 to 09 March) नौकरी, व्यापार, सेहत, करियर और वैवाहिक जीवन के लिए कैसा रहेगा? सभी प्रश्नों के उत्तर को जानने के लिए पढ़ें चंद्र राशि के आधार पर साप्ताहिक राशिफल में। 
विज्ञापन
1 of 12
इस सप्ताह कैसा रहेगा सभी राशियों के लिए दिन - फोटो : अमर उजाला
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए के लिए यह सप्ताह शुभता और सौभाग्य लिए हुए है। इस सप्ताह आपको जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में किए जाने वाले प्रयास का सकारात्मक परिणाम प्राप्त होगा। लंबे समय से चले आ रहे अटके कार्य पूर्ण होंगे। करियर-कारोबार में अपेक्षित लाभ और प्रगति देखने को मिलेगी। कार्यक्षेत्र में लोग आपके कामकाज की तारीफ करते नजर आएंगे। उच्च अधिकारियों की आप पर विशेष कृपा बरसेगी। माह के मध्य में संतान की विशेष उपलब्धि से आप का मान-सम्मान बढ़ेगा। कांट्रैक्ट पर काम करने वालों को बड़ा प्रस्ताव मिल सकता है।

कारोबार की दृष्टि से भी यह सप्ताह आपके लिए अत्यंत ही शुभ है। इस सप्ताह आपके भीतर वित्तीय मामलों में योजना बनाकर कार्य करने की प्रवृत्ति बढ़ेगी। व्यवसाय में अपेक्षित लाभ होने पर संतोष का अनुभव होगा। आय के नये स्रोत बढ़ेंगे और संचित धन में वृद्धि भी होगी। सप्ताह के उत्तरार्ध में सरकारी निर्णयों से राहत मिलने की संभावना है। इस दौरान किसी महत्वपूर्ण कार्य के संपन्न होने से भी मन प्रसन्न रहेगा। रिश्ते-नाते अनुकूल बने रहेंगे। प्रेम संबंध में आपसी विश्वास और आत्मीयता बढ़ेगी। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। पारिवारिक सुख-शांति में वृद्धि होगी।

उपाय: प्रतिदिन शक्ति की साधना एवं दुर्गा स्तोत्र का पाठ करें।
विज्ञापन

2 of 12
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सामान्यत: अनुकूल एवं मनचाहे फल दिलाने वाला साबित होना चाहिए। सप्ताह के पूर्वार्ध में छोटी-मोटी अड़चनें आ सकती हैं, लेकिन आप अपनी बुद्धि और विवेक से उसे दूर करते हुए अंतत: मनचाही सफलता और लाभ प्राप्ति करने में कामयाब होंगे। इस सप्ताह आपको अपने शुभचिंतकों और परिजनों का विशेष सहयोग मिलेगा, जिससे आपके पराक्रम एवं साहस में वृद्धि होगी। सप्ताह के मध्य का समय करियर-कारोबार की दृष्टि से विशेष फलदायक रह सकता है। इस दौरान आपका व्यावसायिक कौशल बढ़ा-चढ़ा रहेगा। आप आय में वृद्धि के लिए इससे जुड़ी योजनाओं पर विशेष रूप से कार्य करेंगे।

इस सप्ताह आप किसी बड़ी योजना अथवा कारोबार में निवेश करने की योजना बना सकते हैं। हालांकि जोखिम भरे निवेश से बचें। सेहत और संबंध की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। सिंगल लोगों की किसी के साथ हुई मित्रता प्रेम संबंध में तब्दील हो सकती है। वहीं पहले से चले आ रहे प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। जीवनसाथी के साथ प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन पारद शिवलिंग की पूजा एवं भगवान शिव की महिमा का बखान करने वाले शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।

March Grah Gochar: मार्च में कई बड़े ग्रहों की चाल में होगा बदलाव, इन राशियों को मिल सकते हैं अपार धनलाभ के योग

Monthly March Rashifal 2025: मार्च माह में इन राशि वालों को मिलेगा भाग्य का साथ और खुशखबरी, पढ़ें मासिक राशिफल

Zodiac Signs Not Able To Keep Secret: इन राशि के जातकों को न बताएं अपने राज, नहीं छिपा पाते कोई भी बात

विज्ञापन

3 of 12
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों को इस सप्ताह अपने सोचे हुए कार्यों को समय पर मनचाहे तरीके से पूरा करने के लिए अधिक परिश्रम और प्रयास की आवश्यकता बनी रहेगी। इस सप्ताह आपको अपने मन में किसी भी प्रकार के नकारात्मक विचार या भाव लाने की बजाय हाथ आए अवसर को अच्छे से भुनाते हुए अपने कार्य को समय पर करने का प्रयास करना चाहिए। मिथुन राशि के जातकों को सप्ताह के पूर्वार्ध में कतिपय समस्याएं रह सकती हैं लेकिन उत्तरार्ध में अपेक्षित सुख-सौभाग्य की प्राप्ति होगी। इस दौरान कार्यक्षेत्र में बेहतर स्थितियां बनेंगी और उच्च अधिकारियों के साथ अधीनस्थ लोगों का समर्थन और सहयोग प्राप्त होगा।

यदि आप कारोबार के विस्तार के लिए धन आदि के प्रबंध में जुटे थे तो इस सप्ताह के अंत तक आपकी यह समस्या भी दूर हो जाएगी। बाजार में फंसा पैसा अप्रत्याशित रूप से बड़ी आसानी से निकल आएगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा संभव है। रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए लोगों को सुनें ज्यादा और बोलें कम। प्रेम संबंध और वैवाहिक संबंध को बेहतर बनाए रखने के लिए आपसी विश्वास को मजबूत करें तथा अपने पार्टनर पर हावी होने का प्रयास न करें।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री गणेश जी को दूर्वा चढ़ाकर श्री गणपति स्तोत्रम् अथवा गणेश अष्टकं का पाठ करें।

4 of 12
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायी है। इस सप्ताह आपको अपने कार्यों को बेहद सावधानी के साथ करने की आवश्यकता रहेगी। किसी भी योजना के नियमों को बगैर जाने-समझे उससे जुड़ने की भूल न करें। इस सप्ताह आपको जल्दबाजी में कार्य करने से बचना होगा अन्यथा बाद में अपनी गलतियों के लिए पछताना पड़ सकता है। सप्ताह के मध्य में कार्यों में अचानक से आने वाली कुछेक अड़चनों के चलते आपका मन खिन्न रहेगा। इस समय यदि आप अपने धन, समय और उर्जा का प्रबंधन करके चलते हैं तो किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निबटने में कामयाब हो जाएंगे।

कर्क राशि के जातकों को करियर-कारोबार से जुड़ी सफलता के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। नौकरीपेशा लोगों को अपने कार्यों एवं दायित्वों का भली-भांति निष्पादन करने का प्रयत्न करना चाहिए। सप्ताह के उत्तरार्ध में आपको आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस व्यवसायियों को मार्केट में फंसे हुए धन को निकालने के लिए विशेष प्रयास करने पड़ सकते हैं। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए सामान्य फलप्रद रहना चाहिए। आत्मीय रिश्तों को बेहतर बनाए रखने के लिए आपको लोगों के साथ विनम्रता से पेश आते हुए प्रेम और सौहार्द बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए।

उपाय: प्रतिदिन शिवलिंग पर कच्चा दूध चढ़ाकर शिवमहिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
विज्ञापन

5 of 12
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिलाजुला रहने वाला है। इस सप्ताह आपके कार्य कभी बनते तो कभी अटकते नजर आएंगे। सोचे हुए कार्य समय पर नहीं पूरा होने पर आपके भीतर तनाव और झुंझलाहट की अधिकता रहेगी। सिंह राशि के जातकों को इस सप्ताह धैर्य रखते हुए किसी भी विषम परिस्थिति में आपा खोने से बचना चाहिए अन्यथा बनती बात भी बिगड़ सकती है। संबंध और सेहत दोनों की दृष्टि से इस सप्ताह आपको खूब सचेत रहने की आवश्यकता है।

सप्ताह के मध्य में आप मौसमी अथवा किसी पुरानी बीमारी के उभरने के कारण शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान रह सकते हैं। इस दौरान आप व्यवसाय में मंदी का अनुभव कर सकते हैं। आय के मुकाबले खर्च की अधिकता के चलते आपकी वित्तीय स्थिति डगमगा सकती है। व्यवसाय से जुड़े लोगों को अपने साझेदारों, सप्लायरों एवं स्थायी ग्राहकों से अपने संबंध बेहतर बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए।

परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे सामान्य छात्रों के मुकाबले अधिक परिश्रम की आवश्यकता रहेगी। प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं। लव पार्टनर हो या फिर लाइफ पार्टनर उसके प्रति ईमानदार रहें।

उपाय: प्रतिदिन भगवान भास्कर को तांबे के लोटे से जल देकर आदित्य हृदय स्तोत्र अथवा सूर्याष्टकं का पाठ करें।
विज्ञापन

6 of 12
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कन्या
कन्या राशि के जातकों को इस सप्ताह किसी भी कार्य में लापरवाही करने से बचना चाहिए। इस सप्ताह छोटी सी भी चूक आपकी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसे में करियर हो अथवा कारोबार उससे जुड़े सभी कार्यों को पूरे मनोयोग के साथ समय पर करने का प्रयास करें। रोजी-रोजगार की दृष्टि से सप्ताह के पूर्वार्ध में आपको कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान आपके सिर पर कामकाज का अत्यधिक दबाव रहेगा। टारगेट ओरिएंटेड कार्य करने वालों के लिए समय प्रतिकूल है।

कन्या राशि के जातकों को इस सप्ताह नियमों एवं प्रक्रियाओं का उल्लंघन करने से बचना चाहिए अन्यथा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। यदि  आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो कारोबारी मामलों में आवेश में आकर कोई बड़ा निर्णय लेने से बचें। सप्ताह के मध्य में करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा योग बन सकते हैं। यात्रा थकान भरी और अपेक्षा से कम फलदायी होने के कारण आपका मन खिन्न रहेगा। सप्ताह के पूर्वार्ध में किसी बात को लेकर स्वजनों के साथ तकरार और घर की सुख-शांति भंग होने की आशंका रहेगी। इस सप्ताह रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए वाद-विवाद से बचें। जीवनसाथी की खराब सेहत भी आपकी चिंता का कारण बनेगी।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु जी की पूजा में नारायण कवच का पाठ करें।
विज्ञापन

7 of 12
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
तुला
तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सामान्य फलदायक रहने वाला है। इस सप्ताह आपका करियर-कारोबार पूर्व की तरह सामान्य रूप से चलता रहेगा। व्यवसाय से जुड़े लोगों को कारोबार में धीमी गति से ही सही लेकिन लाभ की प्राप्ति होती रहेगी। यदि आप कारोबार से जुड़ी किसी समस्या को लेकर बीते कुछ समय से परेशान चल रहे थे, उसमें आपको इस सप्ताह कुछ हद तक समाधान खोजने में कामयाबी मिल सकती है। तुला राशि के जातकों को इस सप्ताह अपने भीतर उत्साह और सकारात्मक सोच को बनाए रखना फायदेमंद साबित होगा। यदि आप ऐसा करने में कामयाब रहते हैं तो सप्ताह के उत्तरार्ध तक परिस्थितियां आपके अनुकूल होती नजर आएंगी।

नौकरीपेशा लोगों को अपने दायित्व का निर्वाह बेहतर तरीके से करने का प्रयास करना चाहिए। वित्तीय दृष्टि से यह सप्ताह आपसे सावधानी की अपेक्षा कर रहा है। इस सप्ताह खुले हाथ से खर्च करने से बचें और जोखिम भरी योजनाएं में निवेश भूलकर भी न करें। तुला राशि के जातक अपने से बड़ों की सलाह को इग्नोर करने से बचें, अन्यथा बाद में पछताना पड़ सकता है। प्रेम संबंध में दिखावा न करें और अपने पार्टनर की भावनाओं की कद्र करें।

उपाय: प्रतिदिन श्रीयंत्र की साधना तथा श्री सूक्त का पाठ करें।

8 of 12
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातक इस सप्ताह अचानक से आई कुछ समस्याओं अथवा परिश्रम के मुताबिक मनचाहे फल न मिलने के कारण अपना आपा खो सकते हैं। जिससे उनके बनते कार्य भी बिगड़ने की आशंका है। सप्ताह के पूर्वार्ध में नौकरी और व्यवसाय से जुड़े मामले प्रभावित हो सकते हैं। यह समय आपके सेहत और संबंध की दृष्टि से भी थोड़ा प्रतिकूल रहने वाला है। ऐसे में अपने खानपान, दिनचर्या और बात-व्यवहार पर विशेष ध्यान दें। नौकरीपेशा जातकों की कार्यक्षेत्र में व्यस्तता बढ़ सकती है। सीनियर की तरफ से समय पर लक्ष्य प्राप्ति का दबाव बना रहेगा। वृश्चिक राशि के जातकों को इस सप्ताह अपने सहकर्मियों और अधीनस्थों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए। वित्तीय दृष्टि से यह सप्ताह सामान्य फलप्रद प्रतीत हो रहा है।

इस सप्ताह आर्थिक मामलों में विशेष उतार-चढ़ाव तो नहीं रहेगा। इस सप्ताह न आय में वृद्धि और न ही किसी बड़े खर्च की आंशका नजर आ रही है। सप्ताह के उत्तरार्ध में पैतृक संपत्ति से जुड़े विवाद आपकी चिंता का कारण बन सकते हैं। इस संबंध में स्वजनों के साथ उत्पन्न हुआ मतभेद मनभेद में बदल सकता है। व्यवसाय की दृष्टि से इस दौरान आपके द्वारा थोड़ा सावधानी अपेक्षित है। लव लाइफ और मैरीड लाइफ को बेहतर बनाए रखने के लिए अपने पार्टनर की बात को गंभीरता से लें और यदि कोई वादा करें तो उसे समय पर निभाने का भी प्रयास करें।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में चालीसा का सात बार पाठ करें।

9 of 12
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
धनु
धनु राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह जीवन में नए अवसर और प्रगति की संभावनाओं को लिए हुए है। इस सप्ताह आपके शुभचिंतक आप पर पूरी तरह से मेहरबान नजर आएंगे। जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आपको सकारात्मक परिणाम मिलते हुए नजर आएंगे। सप्ताह की शुरुआत में आपको लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। यात्रा सुखद एवं नये संपर्कों को बढ़ाने वाली साबित होगी। सप्ताह के पूर्वार्ध में आपको नौकरी संबंधी मामलों में शुभ समाचारों की प्राप्ति होगी। उच्च अधिकारियों से प्रशंसा और पुरस्कार मिलने की भी संभावना है। व्यवसाय की दृष्टि से भी यह सप्ताह आपके लिए शुभता और लाभ लिए हुए है।

इस सप्ताह आप किसी बड़ी कारोबारी डील को अंजाम दे सकते हैं। जिससे मार्केट में आपकी साख बढ़ेगी। इस सप्ताह आप अपने कारोबार में मिलने वाले लाभ एवं प्रगति से संतोष का अनुभव करेंगे। सप्ताह के उत्तरार्ध में साझेदारों और सप्लायरों से जुड़े विवाद संवाद के जरिए दूर होंगे। सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों के साथ नजदीकियां बढ़ेंगी। किसी प्रभावी व्यक्ति के जरिए लाभ की योजना से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। इस सप्ताह आपको भूमि-भवन और वाहन आदि का विशेष सुख प्राप्त हो सकता है। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। इस सप्ताह आपको अपने लव पार्टनर अथवा लाइफ पार्टनर के साथ क्वालिटी टाइम बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। स्वजनों के मध्य आपसी सहयोग बढ़ेगा।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पूजा में श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

10 of 12
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मकर
मकर राशि के जातकों को इस सप्ताह अपने कार्य को बेहद सावधानी और सूझबूझ के साथ करने की आवश्यकता बनी रहेगी। इस सप्ताह क्रोध अथवा असमंजस की स्थिति में कोई बड़ा निर्णय लेने से बचें अन्यथा बाद में पछताना पड़ सकता है। सप्ताह की शुरुआत में घरेलू एवं कामकाज से जुड़ी समस्याएं आपकी चिंता का बड़ा कारण बनेंगी। इस दौरान अपका कार्य न तो घर में और न ही कार्यस्थल अथवा कारोबार में लगेगा। सेहत और संबंध की दृष्टि से भी यह सप्ताह बहुत ज्यादा अनुकूल नहीं कहा जा सकता है। ऐसे में अपनी दिनचर्या और खानपान सही रखने के साथ लोगों के साथ विनम्रता से पेश आएंं।

नौकरीपेशा जातक इस सप्ताह अपने कार्य को समय पर पूरा करने प्रयास करें अन्यथा उन्हें अपने उच्च अधिकारियों के गुस्से का शिकार होना पड़ सकता है। इस सप्ताह कार्यस्थल पर अपने गुप्त शत्रुओं से भी सावधान रहने की आवश्यकता बनी रहेगी। व्यवसाय से जुड़े लोगों को अपने कंपटीटर से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है। सप्ताह के उत्तरार्ध में सरकारी निर्णय आदि से आपका लाभ प्रभावित हो सकता है। इस दौरान कारोबार से जुड़े गलत निर्णय होने की आशंका है, ऐसे में कोई भी अहम फैसला करने से पहले शुभचिंतकों की सलाह अवश्य लें। प्रेम संबंध को बेहतर बनाए रखने के लिए लव पार्टनर के साथ आपसी विश्वास को बनाए रखें।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें।

11 of 12
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कुंभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह शुभता लिए हुए है। नौकरी और व्यवसाय से जुड़े मामले में पूरे सप्ताह अनुकूलता बनी रहेगी। इस सप्ताह सौभाग्य का साथ बना रहने के कारण आपकी सफलता का प्रतिशत बढ़ेगा। यदि आपका कोई मामला कोर्ट-कचहरी आदि में चल रहा है तो उसका फैसला आपके हक में आ सकता है। कार्यक्षेत्र में आपके विरोधियों की चालें नाकाम होंगी और आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। सप्ताह के उत्तरार्ध तक आपको उच्च अधिकारियों से विशेष प्रशंसा अथवा पुरस्कार की प्राप्ति संभव है। यदि आप लंबे समय से किसी स्थान विशेष पर तबादले अथवा किसी पद की प्राप्ति के लिए प्रयासरत थे तो आपकी यह कामना इस सप्ताह पूरी हो सकती है।

व्यवसाय की दृष्टि से भी यह सप्ताह आपके लिए शुभता लिए हुए है। कारोबार में आपको मनचाहा लाभ होगा। आपके व्यावसायिक कौशल में वृद्धि होगी। छात्रों काम मन पढ़ाई में रमेगा और उन्हें परीक्षा-प्रतियोगिता में अपेक्षित सफलता की प्राप्ति होगी। आर्थिक दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। आकस्मिक खर्चों पर नियंत्रण होगा। आय के नये स्रोत बनेंगे। स्वजनों के साथ संबंध मधुर बने रहेंगे। लव पार्टनर अथवा लाइफ पार्टनर की तरफ से शुभ समाचार की प्राप्ति संभव है।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा में बेलपत्र चढ़ाकर रुद्राष्टकं का पाठ करें।
विज्ञापन

12 of 12
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मीन
मीन राशि के जातकों लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायी है। करियर और कारोबार में आने वाली दिक्कतों से बचने के लिए आपको इस सप्ताह विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता बनी रहेगी। नौकरीपेशा लोगों का अनचाही जगह पर तबादला अथवा उन्हें अनचाही जिम्मेदारी मिलने की आशंका बनी रहेगी। इस सप्ताह मीन राशि के जातकों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए अपने उच्च अधिकारियों एवं अधीनस्थों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रहने की आवश्यकता है। कार्यक्षेत्र अथवा व्यवसाय से जुड़े किसी भी कार्य में नियमों का उल्लंघन या फिर कहें कोई शार्टकट लेने की गलती न करें अन्यथा बेवजह की परेशानियां झेलनी पड़ सकती हैं।

व्यवसाय की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए मध्यम फलप्रद रहने वाला है। अपेक्षा के अनुरूप लाभ और कारोबार में धीमी प्रगति आपकी चिंता का कारण बनेगी। मीन राशि के जातकों को इस सप्ताह लव लाइफ और मैरीड लाइफ को बेहतर बनाए रखने के लिए अपने पार्टनर की भावनाओं का ख्याल रखते हुए उसके विश्वास पर खरा उतरना होगा। प्रेम संबंध में दिखावे और उतावलेपन से बचें। सप्ताह के उत्तरार्ध में जीवनसाथी की खराब सेहत आपकी चिंता का कारण बन सकती है।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पूजा पीले पुष्प और पीला चंदन अर्पित करके करें। साथ ही साथ नारायण कवच का पाठ भी करें।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें