फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saptahik Rashifal (24-30 Nov 2025): जानें 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा नवंबर का आखिरी सप्ताह

Thu, 20 Nov 2025 06:17 PM IST
ज्योति मेहरा ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Weekly Horoscope (24 To 30 November 2025): नौकरी, व्यापार, सेहत, करियर और वैवाहिक जीवन के लिए कैसा रहेगा सप्ताह? सभी प्रश्नों के उत्तर को जानने के लिए पढ़ें चंद्र राशि के आधार पर साप्ताहिक राशिफल में।
विज्ञापन
1 of 13
साप्ताहिक राशिफल 24 से 30 नवंबर 2025 - फोटो : Amar Ujala
Weekly Horoscope (24 To 30 November 2025): नवंबर माह का यह सप्ताह खास रहने वाला है। इस सप्ताह ग्रह-नक्षत्रों की चाल से कुछ राशियों को विशेष लाभ मिलने की संभावना है, वहीं कुछ राशियों के लिए सावधानी और सतर्कता की आवश्यकता रहेगी। यह समय बदलाव और नए अवसर लेकर आएगा, जिससे आपकी जिंदगी के कई पहलुओं में प्रभाव देखने को मिलेगा। इस सप्ताह आपको अपने कार्यों में नई ऊर्जा और उत्साह के साथ आगे बढ़ना होगा, लेकिन कुछ राशियों को अनावश्यक विवादों और उलझनों से बचने की सलाह दी जाती है। आर्थिक मामले, स्वास्थ्य, और संबंधों में संतुलन बनाना इस समय बेहद महत्वपूर्ण होगा।
Jupiter In 5th House: 5 वें भाव में बृहस्पति देते हैं अति आत्मविश्वास, जानें नकारात्मक प्रभाव से बचने के उपाय
इस सप्ताह ग्रहों की स्थिति कुछ राशियों के लिए शुभ संदेश लेकर आएगी, जिससे वे अपने लक्ष्यों को हासिल करने में सफल रहेंगे। वहीं कुछ राशियों को धैर्य और समझदारी से काम लेकर सावधानी बरतनी होगी, ताकि अनचाही समस्याओं से बचा जा सके। आइए, विस्तार से जानते हैं इस सप्ताह आपकी राशि पर ग्रहों का क्या प्रभाव पड़ेगा और किन बातों का ध्यान रखना होगा, ताकि आप अपने जीवन में आने वाले उतार-चढ़ावों को समझदारी से संभाल सकें।
विज्ञापन

2 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिले जुले फल देने वाला रहेगा। इस सप्ताह मेष राशि को लोगों के साथ विनम्रता से बात करने का प्रयास करना चाहिए। सप्ताह की शुरुआत में कार्यक्षेत्र में कामकाज को लेकर परेशानी झेलनी पड़ सकती है। इस दौरान सीनियर का समर्थन अपेक्षा के अनुसार नहीं मिल पाएगा। इस सप्ताह मेष राशि के जातकों को अपने पद और प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए अधिक प्रयास और परिश्रम करना पड़ेगा। सप्ताह के मध्य में आपकी मुलाकात किसी बड़े अधिकारी या राजनीतिक व्यक्ति से हो सकती है, जिसकी मदद से आपको भविष्य में लाभ की योजनाओं से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।

यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आपको इस सप्ताह जोखिम भरे निवेश से बचना चाहिए तथा अपने कागजी काम समय से निपटने का प्रयास करना चाहिए। इस सप्ताह आपकी आय और खर्च बराबर रहेगा। सप्ताह के उत्तरार्ध का समय सेहत और संबंध की दृष्टि से प्रतिकूल कहा जाएगा। इस दौरान आप मौसमी बीमारी से प्रभावित हो सकते हैं। वहीं आपके अपने किसी बात को लेकर नाराज हो सकते हैं। प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम बढ़ाएं। 

उपाय: प्रतिदिन शिवलिंग पर दूध एवं जल चढ़ाकर शिवमहिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
विज्ञापन

3 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए यह हफ्ता अत्यंत ही सुखद और अनुकूल रहने वाला है। इस सप्ताह आपके सोचे हुए काम समय पर पूरे होते हुए नजर आएंगे। आप अपने पराक्रम से तमाम कार्यों को सिद्ध करेंगे और आपका घर-परिवार और कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान बढ़ेगा।

इस सप्ताह बेरोजगार लोगों को मनचाहे रोजगार की प्राप्ति होगी। यदि आप नौकरीपेशा व्यक्ति हैं तो आप अपने कार्यक्षेत्र में मिले टारगेट को आसानी से हासिल कर लेंगे। आपके कार्य से अधिकारीगण संतुष्ट रहेंगे। आपको अच्छी नौकरी के प्रस्ताव प्राप्त हो सकते हैं। हालांकि कोई भी निर्णय जल्दबाजी में न लें। व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए भी यह समय अनुकूल रहने वाला है।

इस सप्ताह कारोबार में मनचाहा लाभ प्राप्त होगा। व्यवसाय के सिलसिले में की गई यात्राएं सुखद एवं लाभप्रद साबित होंगी। आयात-निर्यात से जुड़े लोगों को अच्छा लाभ होने की संभावना बन रही है। सेहत सामान्य रहेगी। सप्ताह के उत्तरार्ध में किसी प्रिय व्यक्ति के घर में आने से खुशियों का माहौल रहेगा। परिवार के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। जीवनसाथी से सहयोग और समर्थन मिलेगा। 

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में चालीसा का पाठ करें।

4 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मिथुन 
मिथुन राशि के जातकों को इस सप्ताह किसी भी कार्य को सावधानी और सूझबूझ के साथ करने की आवश्यकता रहेगी। आपको इस सप्ताह किसी के बहकावे में आकर गलत निर्णय उठाने से बचना होगा, अन्यथा बाद में पछताना पड़ सकता है।

सप्ताह के पूर्वार्ध का समय छात्र वर्ग के लिए थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है। इस दौरान उनका मन पढ़ाई से उचट सकता है। उच्च शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयास विफल हो सकते हैं। इस दौरान मिथुन राशि के जातकों को बुरी संगत से बचते हुए अपने लक्ष्य पर फोकस करने की आवश्यकता रहेगी। यदि आप व्यवसाय से जुड़ें हैं तो आपको इस सप्ताह जोखिम भरे निवेश से बचना चाहिए, अन्यथा आर्थिक हानि झेलनी पड़ सकती है।

कारोबार में धन का लेन-देन करते समय खूब सावधानी बरतें तथा उधार देने से बचें। सप्ताह के उत्तरार्ध में करियर-कारोबार के सिलसिले में अचानक से लंबी दूरी की यात्रा संभव है। यात्रा के दौरान अपने सामान और सेहत दोनों का खूब ख्याल रखें। प्रेम संबंध को बेहतर बनाए रखने के लिए लव पार्टनर की भावनाओं की कद्र करें तथा उस पर अपनी इच्छाएं थोपने से बचें। ससुराल पक्ष के साथ किसी बात को लेकर विवाद होने की आशंका है।

उपाय: प्रतिदिन तुलसी जी की सेवा करें तथा भगवान विष्णु के मंत्र का जप करें।
विज्ञापन

5 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कर्क 
कर्क राशि के जातकों को इस सप्ताह किसी भी कार्य में जल्दबाजी करने से बचना चाहिए। इस बात को अच्छी तरह से समझ लें कि अगर आप बगैर सोचे-समझे कोई फैसला लेते हैं तो वह सही नहीं साबित होगा और भविष्य में आपके दुख और बड़ी परेशानी का कारण बनेगा। सप्ताह की शुरुआत में आपको छोटे-छोटे काम के लिए अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है। इस दौरान परिवार के किसी वरिष्ठ सदस्य की खराब सेहत आपकी चिंता का कारण बनेगी।

कर्क राशि के जातकों को इस सप्ताह अपने प्रतिद्वंद्वियों से सावधान रहने की आवश्यकता रहेगी। नौकरीपेशा व्यक्ति हों या फिर व्यवसायी अपने गुप्त शत्रुओं से खूब सावधान रहें अन्यथा वे मौका मिलते ही आपको हानि पहुंचा सकते हैं। सप्ताह के उत्तरार्ध में आप अपनी तरफ से कठिन परिश्रम प्रयास करते हुए अपना बेहतर आउटपुट देने का प्रयास करेंगे लेकिन अधिकारीगण फिर आपसे संतुष्ट नहीं रहेंगे। जिससे आपके भीतर निराशा और हताशा पैदा होगी।

रिश्ते-नाते बेहतर बनाए रखने के लिए आपको इस सप्ताह छोटी-छोटी बातों को इग्नोर करना होगा अन्यथा स्वजनों के साथ पैदा हुआ मतभेद मनभेद में भी बदल सकता है। प्रेम संबंध में गलतफहमी पैदा होने की आशंका बनी रहेगी। संतान से जुड़ी कोई समस्या आपकी चिंता का कारण बनेगी।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा में चालीसा का पाठ करें।
 
विज्ञापन

6 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
सिंह 
सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ रहने वाल है। इस सप्ताह करियर हो या फिर कारोबार आपकी मेहनत रंग लाएगी। आपको जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में शुभ समाचार मिलते हुए नजर आएंगे। घर-परिवार से लेकर दोस्त-यार तक आपको भरपूर समर्थन और सहयोग देंगे। सप्ताह की शुरुआत में नौकरीपेशा लोगों को मनचाहे स्थान पर तबादले की शुभ सूचना प्राप्त हो सकती है। यदि आप नौकरी में बदलाव की योजना बना रहे हैं तो इस सप्ताह आपको कोई अच्छा ऑफर आ सकता है। चूंकि समय आपके पक्ष में है इसलिए पदोन्नति या फिर आपकी आधिकारिक शक्तियों में बढ़ोत्तरी भी संभव है।

व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए सप्ताह के मध्य का समय अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। पूर्व में किए गए निवेश का इस सप्ताह आपको लाभ प्राप्त हो सकता है। आपके संचित धन में वृद्धि होगी। सप्ताह के उत्तरार्ध तक किसी योजना या व्यक्ति के पास अटका हुआ धन प्राप्त हो सकता है। विद्यार्थी वर्ग पूरे मनोयोग के साथ पढ़ाई करेंगे। उन्हें परीक्षा-प्रतियोगिता में मनचाहे परिणाम की प्राप्ति संभव है। इस सप्ताह सिंगल लोगों की जिंदगी में मनचाहे व्यक्ति की एंट्री हो सकती है। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। 

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री लक्ष्मी नारायण को अष्टगंध का तिलक लगाकर उनके मंत्रों का जप करें।
विज्ञापन

7 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कन्या 
कन्या राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। सप्ताह की शुरुआत इष्टमित्रों या परिजनों के साथ मौज-मस्ती करते हुए बीतेगी। इस दौरान आप अपने प्रियजनों के साथ किसी पर्यटन स्थल या तीर्थ यात्रा पर निकल सकते हैं। इस दौरान आपकी यात्रा सुखद एवं नये संपर्कों को बढ़ाने वाली साबित होगी।

इस सप्ताह विदेश से जुड़े कारोबार करने वालों के लिए समय अत्यंत ही शुभ कहा जाएगा। उन्हें कारोबार में अच्छा लाभ प्राप्त होगा। सप्ताह के मध्य तक आप कोई बड़ी डील कर सकते हैं। आर्थिक एवं सामाजिक दृष्टि से समय अच्छा कहा जाएगा। यदि आप लंबे समय से भोग विलास वाली किसी वस्तु का क्रय करने की सोच रहे थे तो आपकी यह कामना इस सप्ताह पूरी हो सकती है। भूमि-भवन वाहन आदि की प्राप्ति के योग बनेंगे। संपत्ति से जुड़े विवाद दूर होंगे। पैतृक संपत्ति की प्राप्ति संभव है।

कन्या राशि के जातकों पर इस सप्ताह उनकी मां का स्नेह और आशीर्वाद बरसेगा। प्रेम संबंध में नजदीकियां बढ़ेंगी। लव पार्टनर के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। सप्ताह के उत्तरार्ध में संतान की किसी बड़ी उपलब्धि से मान-सम्मान बढ़ेगा। 

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री गणेश जी को दूर्वा चढ़ाकर गणेश चालीसा का पाठ करें।

8 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
तुला 
तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह गुडलक लिए हुए है। इस सप्ताह आपको करियर और कारोबार में मनचाही सफलता प्राप्त होगी। सप्ताह की शुरुआत में आपको किसी बड़े प्रोजेक्ट से जुड़कर काम करने का अवसर प्राप्त होगा। सप्ताह की शुरुआत उन लोगों को लिए शुभ समाचार लेकर आएगी जो लंबे समय से किसी नौकरी या काम की तलाश में भटक रहे थे। इस दौरान आपको व्यवसाय में खासा लाभ होगा। हालांकि आपको किसी भी कार्य में शॉर्टकट अपनाने से बचना चाहिए तथा कागजी काम समय से पूरे करने चाहिए।

सप्ताह के मध्य में किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिल सकता है। इस दौरान आपका मन धार्मिक-आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों में खूब रमेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों को शुभ समाचार मिल सकता है। विदेश में करियर अथवा उच्च शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयास सफल होंगे। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए अनुकूल कहा जाएगा। इस सप्ताह आपको स्वजनों के साथ क्वालिटी टाइम बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। प्रेम संबंध विवाह में तब्दील हो सकते हैं। जीवनसाथी के साथ लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा संभव है। 

उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा में चालीसा का पाठ करें।

9 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृश्चिक 
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह काफी आपाधापी भरा रह सकता है। सप्ताह की शुरुआत में घर-परिवार से जुड़ी किसी समस्या का समाधान खोजने के लिए आपको जरा ज्यादा ही भागदौड़ करनी पड़ सकती है। इस दौरान भूमि-भवन से जुड़े विवाद आपकी चिंता का कारण बन सकते हैं। यदि आप नौकरीपेशा व्यक्ति हैं तो आपको कार्यक्षेत्र में अपने विरोधियों से खूब सतर्क रहने की आवश्यकता रहेगी क्योंकि वे आपके काम में अड़ंगे डालने और आपकी मान-प्रतिष्ठा को हानि पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं।

सप्ताह के मध्य में घरेलू समस्याओं के चलते आपका कामकाज प्रभावित हो सकता है। इस दौरान आत्मीय लोगों से अपेक्षित सहयोग और समर्थन न मिल पाने के कारण आपका मन थोड़ा खिन्न रहेगा। कुल मिलाकर यह यह समय आपके लिए संघर्ष और तनाव का रहेगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में आप करियर-कारोबार में कुछ बेहतर करने का प्रयास करेंगे। खास बात यह कि आपका यह प्रयास काफी हद तक सफल भी होता दिखेगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में किसी योजना में निवेश करते समय शुभचिंतक व्यक्ति की सलाह लेना उचित रहेगा। प्रेम संबंध में आई अड़चनों के कारण लव पार्टनर से मेल-मुलाकात में मुश्किलें आ सकती हैं। 

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में बजरंग बाण का पाठ करें।

10 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
धनु 
धनु राशि के जातकों को इस सप्ताह सोचे हुए काम को पूरा करने के लिए अधिक परिश्रम और प्रयास करने पड़ सकते हैं। सप्ताह की शुरुआत से ही आपको कामकाज की व्यस्तता बनी रहेगी। ऐसे में आपको अपने समय का प्रबंधन करते हुए योजनाबद्ध तरीके से काम करना उचित रहेगा। इस सप्ताह जहां आप पर आलस्य और थकान हावी रहेगी, वहीं आपके सिर पर कामकाज का अतिरिक्त बोझ आ सकता है।

सप्ताह के मध्य में परिस्थितियां और सेहत अनुकूल न होने के कारण आपका मन खिन्न रहेगा। इस दौरान कोई आत्मीय व्यक्ति समय पर साथ खड़े होने से इंकार कर सकता है। ऐसे में आपको इस सप्ताह किसी दूसरे पर आंख मूंदकर भरोसा करने से बचना चाहिए। अपने उच्च अधिकारियों से विनम्रता से बात करें और लोगों की बात को ज्यादा तूल न दें।

कार्यक्षेत्र में लोगों से उलझने से बचें अन्यथा उससे आपकी ही छवि को नुकसान पहुंच सकता है। छात्र वर्ग को परीक्षा-प्रतियोगिता में मनचाही सफलता पाने के लिए कठिन परिश्रम करना होगा और गलत संगति से बचना होगा। प्रेम प्रसंग में मर्यादा का उल्लंघन न करें, नहीं सामाजिक बदनामी झेलनी पड़ सकती है।

उपाय: प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं और श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

11 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मकर 
मकर राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायी रहने वाला है। सप्ताह की शुरुआत में आपको करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा करना पड़ सकता है। यात्रा उम्मीद से कम फलदायी और थकान भरी रहने वाली है।

यह सप्ताह परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों के लिए थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है। इस सप्ताह आपका मन पढ़ाई से उचट सकता है। इस सप्ताह आपके भीतर एकाग्रता की कमी और आलस्य अधिक रहेगा। यदि आप किसी नए काम की शुरुआत करने की योजना बना रहे हैं तो आपको उचित समय आने का इंतजार करना बेहतर रहेगा। व्यवसाय से जुड़े लोगों को सप्ताह के मध्य में अपने कंपीटीटर्स से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है।

नौकरीपेशा लोगों को इस सप्ताह अपने सहकर्मियों के साथ व्यवहार सही रखने की आवश्यकता रहेगी। कार्यक्षेत्र में अपनी गुप्त बात किसी के साथ साझा करने से बचें अन्यथा विरोधी उसका अनुचित लाभ उठा सकते हैं। इस सप्ताह मकर राशि के जातकों को सेहत और संबंध दोनों पर विशेष ध्यान देना होगा। कोई पुरानी बीमारी दोबारा उभरने की आशंका है। जीवनसाथी की सेहत को लेकर मन चिंतित रहेगा। 

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा में रुद्राष्टकं का पाठ करें।

12 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कुंभ 
कुंभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह थोड़ा उतार-चढ़ाव लिए रह सकता है। सप्ताह की शुरुआत आर्थिक दृष्टि से अनुकूल नहीं रहेगी। इस दौरान आपके सिर पर अचानक से कुछ एक बड़े खर्चे आ सकती है। इस दौरान धन का सदुपयोग करें तथा जोखिम भरी योजना में निवेश से बचें, अन्यथा आर्थिक दिक्कतें झेलनी पड़ सकती है। सप्ताह की शुरुआत में आपको अचानक लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। यात्रा थकान एवं कठिनाई भरी रहने के कारण मन खिन्न रहेगा।

सप्ताह का पूर्वार्ध भले ही धन हानि का कारण बने लेकिन उत्तरार्ध में आपका कारोबार पटरी पर लौटता नजर आएगा। इस दौरान व्यवसाय में उत्तम लाभ के योग बनेंगे लेकिन आय के मुकाबले खर्च की अधिकता बनी रहेगी। कुंभ राशि के जातकों को इस सप्ताह किसी कार्य में जल्दबाजी दिखाने से बचना चाहिए। यदि आप भूमि-भवन के क्रय या विक्रय की योजना बना रहे हैं तो इस संबंध में सोच-समझकर फैसला लें। किसी भी बड़े फैसले को लेते समय शुभचिंतकों की राय लेना न भूलें। सप्ताह के उत्तरार्ध में घर-परिवार के किसी वरिष्ठ सदस्य की सेहत को लेकर मन चिंतित रहेगा। 

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें।
विज्ञापन

13 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मीन 
मीन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायी है। यह सप्ताह नौकरीपेशा लोगों के लिए काफी भागदौड़ और कठिन परिश्रम वाला कहा जाएगा। सप्ताह की शुरुआत में आपको कार्यक्षेत्र में मिले टारगेट को पूरा करने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है। समय विपरीत होने के कारण आपको लक्ष्यों को हासिल करना थोड़ा मुश्किल साबित होगा, लेकिन यदि आप समय और अपनी ऊर्जा का प्रबंधन करके चलते हैं तो चीजें आपके पक्ष में हो सकती हैं। यह सप्ताह थोड़ा खर्चीला रहने वाला है। सप्ताह की शुरुआत में आपको किसी जरूरत की चीज पर बड़ी धनराशि खर्च करनी पड़ सकती है।

इस दौरान आपको आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए व्यय पर नियंत्रण रखने की जरूरत रहेगी। आय और व्यय को संतुलित करने के लिए कठिन परिश्रम करने के साथ सूझबूझ से धन खर्च करना होगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में कारोबार में आई मंदी के चलते आपको बाजार में अपनी साख को बचाए रखने के लिए अधिक परिश्रम और प्रयास करने होंगे। यह समय सेहत और संबंध की दृष्टि से भी प्रतिकूल कहा जाएगा। इस दौरान आपके हड्डी से जुड़े रोग उभर सकते हैं। प्रेम संबंध को प्रगाढ़ बनाए रखने के लिए अपने पार्टनर की भावनाओं की कद्र करें और उस पर हावी होने से बचें। 

उपाय: प्रतिदिन भगवान गणेश जी की पूजा में गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ करें।

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें