फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

September Monthly Horoscope 2025: सितंबर में किसकी बदलेगी किस्मत, किसे होगा धन लाभ, पढ़ें मासिक राशिफल

Mon, 01 Sep 2025 11:39 AM IST
विनोद शुक्ला ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला

सार

Monthly Horoscope September 2025 In Hindi: पढ़ें सभी 12 राशियों के लिए सितंबर 2025 का मासिक राशिफल।
विज्ञापन
1 of 12
सितंबर मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला

मेष
मेष राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना उठापटक भरा रहने वाला है। इस माह की शुरुआत आपको अपने समय, धन और ऊर्जा का प्रबंधन करके चलना होगा। माह की शुरुआत में घरेलू समस्याएं आपकी चिंता का कारण बनेंगी। इस दौरान आपको धन का लेन-देन सावधानी के साथ करना होगा। मेष राशि के जातकों को माह के पूर्वार्द्ध में भावनाओं में बहकर कोई बड़ा निर्णय लेने से बचना चाहिए। विशेष रूप से कारोबार से जुड़ा निर्णय सोच-समझकर लें अन्यथा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।

माह के दूसरे सप्ताह में किसी प्रिय व्यक्ति से वाद-विवाद होने के कारण आपका मन खिन्न रहेगा। इस दौरान आपके सहयोगी ही आपकी समस्या का कारण बन सकते हैं। मेष राशि के जातकों को माह के मध्य में किसी पर आंख मूंदकर भरोसा करने से बचना चाहिए। इस दौरान अपने कार्य स्वयं बेहतर तरीके से करने का प्रयास करें अन्यथा बनता काम भी बिगड़ सकता है। यदि आप पार्टनरशिप में कारोबार करते हैं तो चीजों को क्लीयर करते हुए आगे बढ़ें अन्यथा साझेदार के  साथ वाद-विवाद हो सकता है।

माह के उत्तरार्ध में आपको अपने विरोधियों से सतर्क रहना होगा। इस दौरान व्यवसाय से जुड़े लोगों को अपने कंपटीटर से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है। इस माह प्रेम-प्रसंग में सावधानी रखनी आवश्यक होगी। माह के मध्य में लव पार्टनर की तरफ से भावनात्मक लगाव में कमी देखने को मिल सकती है। जीवनसाथी के साथ विचारों में मतभेद हो सकता है।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में संकट मोचक हनुमानाष्टक का पाठ करें।

विज्ञापन

2 of 12
वृषभ राशि - फोटो : amar ujala

वृषभ
वृष राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीने का पूर्वार्ध शुभ और उत्तरार्ध थोड़ा चुनौती भरा रह सकता है। ऐसे में इस राशि के जातकों को सितंबर महीने के मध्य तक अपने महत्वपूर्ण काम निपटाने का प्रयास करना चाहिए। यह समय आपके करियर-कारोबार और महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए अनुकूल रहना चाहिए। माह की शुरुआत में आपको पैतृक संपत्ति की प्राप्ति हो सकती है। इस दौरान किसी बुजुर्ग व्यक्ति का आप पर विशेष आशीर्वाद बरसेगा। इष्ट-मित्रों से समर्थन और सहयोग मिलेगा, लेकिन शत्रुपक्ष से सावधान रहने की आवश्यकता भी बनी रहेगी। इस दौरान आप अपनी योजनाओं का खुलासा पूरा होने से पहले करने की बिल्कुल गलती न करें, अन्यथा विरोधी उसमें बाधा डाल सकते हैं, जिसके चलते आपके लाभ के प्रतिशत में कमी हो सकती है।

माह के दूसरे सप्ताह में आपको करियर-कारोबार से जुड़े अच्छे ऑफर मिल सकते हैं। हालांकि यह समय आपके लिए थोड़ा खर्चीला रह सकता है। वृष राशि के जातकों को माह के मध्य से अपनी सेहत और संबंध पर विशेष ध्यान देना होगा। इस दौरान किसी प्रिय व्यक्ति के साथ वाद-विवाद होने की आशंका बनी रहेगी। खानपान का ध्यान दें और मौसमी बीमारी से बचें। माह के उत्तरार्ध में लव पार्टनर अथवा जीवनसाथी के साथ गलतफहमियां हो सकती है। इस दौरान लोग आपकी बात का गलत मतलब निकाल सकते हैं। रिश्ते को बेहतर बनाने के लिए विनम्रता से पेश आएं और संवाद का सहारा लें।

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के श्रीयंत्र की पूजा एवं श्री लक्ष्मी स्तोत्र का पाठ करें।

विज्ञापन

3 of 12
मिथुन राशि - फोटो : amar ujala

मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना सामान्य फलदायी रहने वाला है। इस माह आपकी लाइफ सामान्य गति से चलती हुई नजर आएगी। माह की शुरुआत में आपको करियर-कारोबार में अनुकूलता बनी रहेगी। इस दौरान छोटी-मोटी समस्याएं तो आएंगी लेकिन आप अपनी सूझबूझ से उनका समाधान आसानी से निकालने में कामयाब हो जाएंगे। सिंगल लोगों का विपरीत लिंग की तरफ आकर्षण बढ़ सकता है। किसी के साथ हुई मित्रता प्रेम संबंध में बदल सकती है।

माह के दूसरे सप्ताह में आपका जनसंपर्क बढ़ेगा। इस दौरान आपको कार्यक्षेत्र में अपने पद और कद को बनाए रखने के लिए विशेष मेहनत और प्रयास करनी होगी। माह के मध्य में आपका मन धार्मिक कार्यों में रमेगा। इस दौरान आप कोई पवित्र अनुष्ठान कर सकते हैं। अचानक से किसी तीर्थ स्थान पर जाने का भी योग बन सकता है। माह के उत्तरार्ध में आपको शॉर्टकट तरीके से पैसा कमाने से बचना चाहिए। इस दौरान लोगों के साथ सीधी बात करना आपके लिए बेहतर रहेगा।

माह के तीसरे सप्ताह में अचानक कहीं से धन प्राप्ति संभव है। बाजार में फंसा या फिर किसी को दिया धन मिल सकता है। छोटी-मोटी दिक्कतों को यदि इग्नोर कर दें तो सेहत की दृष्टि भी सितंबर सामान्य रहने वाला है। रिश्ते-नाते की दृष्टि से सितंबर का महीना आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। स्वजनों का आपको भरपूर प्रेम, स्नेह और सहयोग मिलेगा। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा। जीवनसाथी के साथ सुखद पल बिताने के अवसर प्राप्त होंगे।

उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा एवं चालीसा का पाठ करें।

Chandra Grahan 2025: सितंबर में इस दिन लगने जा रहा है चंद्र ग्रहण, जानें भारत में कब लगेगा सूतक

 

4 of 12
कर्क राशि - फोटो : amar ujala

कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना मिश्रित फलदायी रहेगा। इस माह आपको कभी चीजें अनुकूल तो कभी प्रतिकूल नजर आएंगी। माह की शुरुआत हालांकि ठीक-ठाक रहने वाली है। यह समय आपके करियर-कारोबार की दृष्टि से लाभप्रद एवं उन्नतिकारक रहने वाला है। इस दौरान आपके द्वारा की गई परिश्रम और प्रयास का पूरा फल मिलेगा। ऐसे में आपको सोचे हुए कार्यों को पूरे मनोयोग से समय पर करने का प्रयास करना चाहिए। व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए सितंबर महीने का पूर्वार्ध उत्तरार्ध के मुकाबले शुभता और लाभ लिए रहने वाला है। यह समय आपके कारोबार से जुड़े बड़े एवं महत्वपूर्ण फैसलों को लेने के लिए उपयुक्त रहेगा।

इस दौरान करियर-कारोबार से जुड़ी यात्राएं सुखद एवं सफल साबित होंगी। माह के दूसरे सप्ताह में आप अपनी सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों पर बड़ी धनराशि खर्च कर सकते हैं। इस दौरान भूमि-भवन के क्रय-विक्रय की कामना पूरी हो सकती है। माह के उत्तरार्ध में नौकरीपेशा लोगों को अपने काम में आलस्य या लापरवाही करने से बचना चाहिए।

यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो इस दौरान भूलकर भी किसी चीज को लेकर रिस्क न लें। रिश्ते-नाते की दृष्टि से माह के पूर्वार्द्ध का समय आपके लिए कूल रहने वाला है लेकिन माह के मध्य से उत्तरार्ध के बीच परिवार में किसी बात को लेकर तनाव बना रह सकता है। इस दौरान ससुराल पक्ष से आपके संबंध खराब हो सकते हैं। यह समय सेहत और संबंध की दृष्टि से प्रतिकूल रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की उपासना में चालीसा का पाठ करें।

Chaturgrahi Yoga: सूर्य की राशि में शक्तिशाली चतुर्ग्रही योग, इन राशियों के जीवन में आएंगे बड़े बदलाव

विज्ञापन

5 of 12
सिंह राशि - फोटो : amar ujala

सिंह
सिंह राशि के जातकों के सामान्य रूप से लाभप्रद रहने वाला है। माह की शुरुआत में आपको करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा पर निकलना पड़ सकता है। इस दौरान कामकाज की अधिकता और जिम्मेदारियों के बोझ के कारण आपको शारीरिक एवं मानसिक थकान बनी रहेगी। माह के दूसरे सप्ताह में सिंह राशि के जातकों को अपने व्यवहार और भाषा को प्रभावशाली तरीके से रखने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान आर्थिक मामलों में योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर लाभ की संभावना रहेगी। भूमि-भवन से जुड़े विवाद सुलझेंगे। माता-पिता की ओर से सुख-सहयोग मिलेगा।

व्यवसाय में मनचाहा लाभ प्राप्त करेंगे, लेकिन खर्च भी उसी के अनुसार बढ़ेंगे। आय-व्यय में संतुलन बनाने में आपको मुश्किलें आ सकती हैं। माह के मध्य का समय रिश्ते-नाते की दृष्टि से थोड़ा प्रतिकूल रहने वाला है। इस दौरान सहोदर भाई-बहनों के साथ किसी बात को लेकर तकरार हो सकती है।

सिंह राशि के जातकों को इस दौरान चापलूसी करने और गलतफहमी फैलाने वाले लोगों से उचित दूरी बना कर रखने की आवश्यकता रहेगी। इस माह लव पार्टनर के साथ आपकी ट्यूनिंग ठीक रहेगी। कठिन समय में वह आपका संबल बनेगा। सिंह राशि को सुखी दांपत्य जीवन के लिए जीवनसाथी की भावनाओं की कद्र करते हुए उसके लिए समय निकालना होगा।

उपाय: प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं और सूर्य देव को जल देकर सूर्याष्टकं का पाठ करें।

विज्ञापन

6 of 12
कन्या राशि - फोटो : amar ujala

कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना काफी उतार-चढ़ाव लिए रहने वाला है। इस माह आपको योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने अत्यधिक आवश्यकता रहेगी। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर के साथ बेहतर तालमेल बनाकर चलना होगा। कन्या राशि के जातकों का माह के पूर्वार्ध में व्यर्थ की चीजों पर धन खर्च हो सकता हैं, जिसके चलते इनका मन थोड़ा खिन्न रह सकता है। हालांकि इस दौरान आपकी आय के नये स्रोत भी बनेंगी। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आपको सितंबर महीने के पूर्वार्ध में अपने कारोबार पर विशेष रूप से ध्यान देने की आवश्यकता रहेगी।

इस दौरान आपको अपने कंपटीटर से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है। व्यवसाय से जुड़ा कोई गलत फैसला आपके लिए चिंता का विषय बन सकता है। माह के मध्य में आपके जीवन में अचानक से कोई बड़ा बदलाव हो सकता है। यह बदलाव घर से लेकर कार्यस्थल में कहीं भी हो सकता है। स्थान परिवर्तन की भी संभावना बन रही है।

सितंबर महीने के तीसरे सप्ताह में कारोबार में कुछेक रुकावटें आने से मन तनावपूर्ण रहेगा। इस दौरान कन्या राशि के जातकों को अपनी वाणी और व्यवहार पर बहुत ज्यादा नियंत्रण रखने की आवश्यकता रहेगी। माह के अंत में अपनी सेहत पर विशेष ध्यान दें। इस दौरान मौसमी अथवा किसी पुरानी के उभरने से शारीरिक पीड़ा झेलनी पड़ सकती है। खट्टी-मीठी तकरार के साथ प्रेम संबंध सामान्य बने रहेंगे। छात्र वर्ग को कठिन परिश्रम पर मनचाही सफलता मिल पाएगी।

उपाय: प्रतिदिन तुलसी जी की सेवा तथा श्री कृष्ण अष्टकम का पाठ करें।

विज्ञापन

7 of 12
तुला राशि - फोटो : amar ujala

तुला
तुला राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना शुभता और लाभ लिए हुए है। इस माह आपके सोचे हुए कार्य समय पर मनचाहे तरीके से पूरे होते हुए नजर आएंगे। माह के उत्तरार्ध का थोड़ा समय यदि छोड़ दिया जाए तो पूरे महीने आपको किस्मत का पूरा साथ मिलेगा। भाग्य का अपेक्षित सहयोग मिलने से आपके उत्साह और पराक्रम में वृद्धि होगी। आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा, जिसकी बदौलत आप प्रत्येक कार्य को अतिरिक्त ऊर्जा के साथ करेंगे। कार्यक्षेत्र में आपके काम की तारीफ होगी।

माह के दूसरे सप्ताह में आपको बड़ा पद या जिम्मेदारी मिल सकती है। इस दौरान करियर-कारोबार के सिलसिले में की गई यात्रा नये संपर्कों को बढ़ाने वाली और लाभप्रद साबित होगी। माह के पूर्वार्द्ध में लगभग सभी क्षेत्रों में आपको मनचाहे फल की प्राप्ति होगी। इस माह आपको कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में विजय प्राप्त हो सकती है। कारोबारियों को व्यवसाय में अनुकूलता बनी रहेगी। बाजार में आपकी साख बढ़ेगी।

अतिरिक्त आय के स्रोत बनेंगे और संचित धन में वृद्धि होगी। परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे लोगों को शुभ समाचार की प्राप्ति होगी। रिश्ते-नाते की दृष्टि से सितंबर का महीना शुभता लिए हुए है। इस माह परिवार के सदस्यों के बीच अच्छा तालमेल देखने को मिलेगा। प्रेम संबंध में अनुकूलता बनी रहेगी। लव पार्टनर के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन अष्टलक्ष्मी की पूजा एवं लक्ष्मी अष्टकं का पाठ करें।

8 of 12
वृश्चिक राशि - फोटो : amar ujala

वृश्चिक

वृश्चिक राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना मिले जुले फल देने वाला साबित होगा। इस माह आपकी चीजें कभी मनचाहे तरीके से बगैर किसी बाधा के पूरी होती हुई नजर आंएगी तो वहीं कभी चलती हुई चीजों में भी अचानक से अड़चन आ सकती हैं। इस माह आपको किसी भी काम में कोई लापरवाही या आलस्य करने से बचना चाहिए, अन्यथा आपके लाभ और सफलता के प्रतिशत में कमी आ सकती है। माह की शुरुआत में कामकाज के सिलसिले में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा के योग बन सकते हैं। इस दौरान आपका मन धार्मिक-सामाजिक कार्यों में खूब रमेगा।

किसी आध्यात्मिक व्यक्ति के संपर्क में आने का अवसर प्राप्त होगा। तीर्थाटन का भी सौभाग्य मिल सकता है। माह के दूसरे सप्ताह में करियर-कारोबार से जुड़ी कुछेक परेशानियों से आपको जूझना पड़ सकता है। हालांकि इस दौरान आपके संगी-साथी काफी मददगार साबित होंगे।

माह के मध्य में अचानक से कुछेक बड़े खर्च आ सकते हैं, जिसके कारण आपकी वित्तीय स्थिति प्रभावित हो सकती है। धन संबंधी उतार-चढ़ाव के बाद माह के उत्तरार्ध में एक बार फिर स्थितियां आपके अनुकूल हो जाएंगी और आपका व्यवसाय पटरी पर आता दिखाई देगा। रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए इस माह आपको लोगों के सामने अपनी बात रखने के साथ दूसरों के तर्क और भावनाओं को समझने का प्रयास करना होगा, अन्यथा चीजें बनने की बजाय बिगड़ सकती हैं।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में बजरंग बाण का पाठ करें। 

 

9 of 12
धनु राशि - फोटो : amar ujala

धनु
धनु राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीने का पूर्वार्ध आपाधापी भरा रहने वाला है। इस दौरान आपको अपने करियर और कारोबार को लेकर काफी सतर्क और सजग रहना होगा। इस दौरान आपके विरोधी सक्रिय रहेंगे और आपका काम बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। इस दौरान किसी भी कार्य में आलस्य या लापरवाही आपके बड़े नुकसान का कारण बन सकती है। ऐसे में इस माह प्रत्येक कार्य को योजनाबद्ध तरीके से बेहतर तरीके से करने का प्रयास करें। माह के पूर्वार्द्ध में आपको धन के लेन देन में खूब सावधानी बरतने की आवश्यकता रहेगी।

धन का खर्च सोच-समझकर करें अन्यथा माह के अंत तक आपको उधार मांगने की नौबत आ सकती है। इस माह जोखिम भरी योजना में निवेश करने अथवा किसी को पैसा उधार करने से बचें अन्यथा धन हानि हो सकती है। माह के मध्य से स्थितियां थोड़ी आपके अनुकूल होती हुई नजर आएंगी। यदि आप लंबे समय से नौकरी में बदलाव या फिर रोजी-रोजगार की तलाश कर रहे थे तो इस दौरान आपको अच्छे अवसर प्राप्त हो सकते हैं।

व्यवसाय से जुड़े लोग बाजार में आई तेजी का फायदा उठाने में कामयाब हो जाएंगे। यह समय आर्थिक दृष्टि से आपके लिए अच्छा रहेगा। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सितंबर का महीना सामान्य रहने वाला है। माह के मध्य में किसी वरिष्ठ व्यक्ति की मदद से नाराज चल रहे लोगों की गलतफहमियां दूर होंगी और एक बार स्वजनों के साथ संबंध पटरी पर आ जाएंगे। प्रेम संबंध खट्टी-मीठी तकरार के साथ सामान्य रहेंगे।

उपाय: केसर का तिलक लगाएं और पूजा में नारायण कवच का प्रतिदिन पाठ करें।

10 of 12
मकर राशि - फोटो : amar ujala

मकर
मकर राशि के जातकों के लिए सितंबर माह की शुरुआत शुभता और लाभ लिए हुए है। इस दौरान आप अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए खूब परिश्रम और प्रयास करेंगे। आपको सौभाग्य का पूरा साथ मिलेगा। जिसके चलते आपका करियर हो या फिर कारोबार उंचाई पर जाता हुआ नजर आएगा। व्यवसाय से जुड़े लोग इस दौरान कोई बड़ी कारोबारी डील कर सकते हैं। विद्यार्थी वर्ग को उनके परिश्रम का पूर्ण फल प्राप्त होगा। परीक्षा-प्रतियोगिता में मनचाही सफलता मिलेगी।

माह के दूसरे सप्ताह में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा के योग बनेंगे। यात्रा सुखद एवं लाभप्रद साबित होगी। इस दौरान आपका सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों के साथ संपर्क स्थापित होगा। उनकी मदद से भविष्य में लाभ की योजनाओं का अवसर मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। कार्यक्षेत्र में उनका कद और पद बढ़ेगा। माह के मध्य से अचानक आपकी जिंदगी यूटर्न लेती हुई नजर आएगी। इस दौरान आपको कार्यों के मनचाहे तरीके से न पूरा होने पर आपका मन खिन्न रहेगा। स्वभाव में उग्रता के चलते लोगों के साथ वाद-विवाद होने की आशंका बनी रहेगी।

संतान पक्ष से जुड़ी चिंता सतायेगी। मकर राशि के जातकों को इस सप्ताह अपने संबंधों को बेहतर बनाए रखने के लिए कुछ चीजों से समझौता करना पड़ सकता है। माह के मध्य में लव पार्टनर के साथ तालमेल में कमी आ सकती है। जीवनसाथी की सेहत चिंता का कारण बनेगी।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा में शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।

11 of 12
कुंभ राशि - फोटो : amar ujala

कुंभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह औसत फलदायी रहने वाला है। माह की शुरुआत ठीक-ठाक रहेगी लेकिन माह के मध्य से चीजें आपके प्रतिकूल होती नजर आएंगी। ऐसे में करियर हो या कारोबार आपको शुरू से ही चीजों पर बेहतर तरीके से रणनीति बनाकर कार्य करना होगा। कुंभ राशि के जातकों को इस माह सोचे हुए कार्यों को समय पर मनचाहे तरीके से काम करने के लिए अतिरिक्त परिश्रम और प्रयास करना होगा। कुंभ राशि के जातकों को अपने महत्वपूर्ण कार्यों को माह के पूर्वार्द्ध में करने का प्रयास करना चाहिए क्योंकि यह उत्तरार्ध के मुकाबले थोड़ा बेहतर रहने वाला है। इस दौरान आप भौतिक संसाधनों पर बड़ी धनराशि खर्च कर सकते हैं।

व्यवसाय से जुड़ी यात्राएं सार्थक और लाभप्रद साबित होंगी। माह के मध्य से कुंभ राशि के जातकों को हर कदम फूंक-फूंक कर रखने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान आपके विरोधी सक्रिय रहेंगे और आपका काम बिगाड़ने की साजिश कर सकते हैं। विद्यार्थी वर्ग के लिए यह समय अध्ययन और परीक्षा-प्रतियोगिता की दृष्टि से संतोषजनक नहीं रहेगा।

रिश्ते-नाते की दृष्टि से माह के उत्तरार्ध का समय आपके लिए कठिनाई भरा रह सकता है। घर-परिवार से जुड़ी कोई समस्या आपकी चिंता का बड़ा कारण बनेगी। पारिवारिक उन्नति के लिए विशेष प्रयास करने पड़ सकते हैं। पैतृक संपत्ति की प्राप्ति में अड़चन आ सकती हैं। प्रेम-प्रसंग हो या फिर दांपत्य जीवन परस्पर प्रेम और विश्वास में कमी आ सकती है। 

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में गुड़-चने का भोग लगाकर चालीसा का सात बार पाठ करें।

विज्ञापन

12 of 12
मीन राशि - फोटो : amar ujala

मीन
मीन राशि के जातकों के लिए सितंबर का महीना मिश्रित फलदायी रहने वाला है। इस माह आपके जीवन में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। माह की शुरुआत में आपको करियर-कारोबार के सिलसिले में अधिक भागदौड़ और परिश्रम करना पड़ेगा। इस दौरान आपको अपने काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही करने से बचना होगा अन्यथा आप अपने सीनियर के गुस्से का शिकार हो सकते हैं। कार्य के सही तरीके से न पूरे होने पर आपके मान-प्रतिष्ठा में कमी आ सकती है।

मीन राशि के जातकों को इस माह की शुरुआत से अपने धन का प्रबंधन करके चलना होगा। धन का सदुपयोग करें और बेवजह के खर्चों पर लगाम लगाएं अन्यथा माह के अंत तक आपको आर्थिक दिक्कतों से जूझना पड़ सकता है। यदि आप भूमि-भवन आदि के क्रय-विक्रय की योजना बना रहे हैं तो इससे संबंधित कोई भी डील करते समय कागजी काम और धन का लेन देन सावधानी के साथ करें।

माह के उत्तरार्ध में अचानक से आने वाली कुछ समस्याएं आपकी चिंता क कारण बनेगी लेकिन आप अपनी बुद्धि और विवेक से उनका समाधान निकालने में अंतत: कामयाब होंगे। रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए अपनी बात स्पष्ट तरीके से रखते हुए दूसरों की भावनाओं और तर्कों का आदर करना होगा। प्रेम संबंध हो या फिर वैवाहिक संबंध अधिक भावुकता से बचें और अपने पार्टनर के साथ तालमेल बनाकर चलें।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पूजा पीले पुष्प चढ़ाकर श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें