अगर आपको भी पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभ मिलता है, तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दरअसल, इस योजना में बड़ी तेजी से बढ़ रहे फर्जीवाड़े को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इसके नियमों में कुछ बदलाव किए हैं। अब सरकार ने पीएम किसान योजना के रजिस्ट्रेशन के लिए राशन कार्ड को अनिवार्य कर दिया है। इसका मतलब ये कि अब राशन कार्ड का नंबर आने के बाद ही परिवार के किसी एक सदस्य को पीएम किसान योजना का लाभ मिल सकेगा। नए रजिस्ट्रेशन के लिए अब किसानों को पोर्टल पर राशन कार्ड नंबर देना होगा। इसके साथ ही राशन कार्ड का एक पीडीएफ भी अपलोड करना होगा। वहीं राहत की बात ये है कि अब खतौनी, बैंक पासबुक, आधार कार्ड और घोषणापत्र की हार्डकॉपी जमा करने की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है। इसकी जगह अब डॉक्यूमेंट्स की पीडीएफ फाइल बनाकर इसे पोर्टल पर अपलोड करना होगा।