धाकड़ बल्लेबाज युवराज सिंह का बल्ला पिछले लंबे समय से वो कमाल नहीं दिखा पा रहा था जिसके कारण वह विख्यात है, लेकिन अब बाएं हाथ का यह बल्लेबाज फॉर्म में लौट आया है।
युवी के बल्ले से रन निकलने लगे हैं तो विपक्षी गेंदबाजों की हवा खराब होने लगी है। युवराज ने आईपीएल में लगातार दूसरे मैच में विस्फोटक पारी खेलकर अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।
युवराज ने पिछले मैच में राजस्थान के खिलाफ 7 चौके और 7 छक्कों के दम पर 83 रनों की धुआंधार पारी खेली थी, और अब इसके बाद उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ भी छक्कों की बारिश करते हुए विपक्षी गेंदबाजों की हालत खराब कर दी।
गेल फिर से फ्लॉप, युवी का बल्ला गरजा
आईपीएल इतिहास के सबसे मंहगे खिलाड़ी युवराज सिंह (नाबाद 68) के धमाकेदार अर्द्धशतक की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर ने दिल्ली डेयरडेविल्स को 16 रन से हरा दिया।
दिल्ली ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बंगलोर के विस्फोटक ओपनर क्रिस गेल बड़ी पारी नहीं खेल सके और 22 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन युवराज का जादू एकबार फिर चल निकला।
‘मैन ऑफ द मैच’ बने युवराज ने आखिरी ओवरों में दिल्ली के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए 29 गेंदों में 1 चौके और 9 छक्कों के साथ नाबाद 68 रन की पारी खेलकर बंगलोर का स्कोर 4 विकेट पर 186 रन पहुंचा दिया।
एक नहीं दो बार बनाई छक्कों की हैट्रिक
फॉर्म में लौट चुके युवराज सिंह का बल्ला अब थमने का नाम नहीं ले रहा है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में उन्होंने 9 छक्के ठोक दिए।
इस दौरान उन्होंने स्पिनर इमरान ताहिर की गेंदों पर लगातार 3 और तेज गेंदबाज राहुल शुक्ला की गेंदों पर लगातार 4 छक्के जड़े।
छक्कों के चक्कर में वह महज 1 चौका ही लगा सके। वह 68 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा एबी डीविलियर्स (33 रन, 17 गेंद) ने भी उपयोगी योगदान दिया। लेकिन कप्तान विराट कोहली (10) की नाकामी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मैच में वह 10 रन बनाकर आउट हो गए।
10 में दिल्ली की यह आठवीं हार
187 रनों के जवाब में दिल्ली को बेहतरीन शुरुआत की दरकार थी लेकिन उसे शुरुआत अच्छी नहीं मिली। महज 10 रन के अंदर क्विंटन डी कॉक (6) और मुरली विजय (1) का विकेट गंवा दिया।
खराब शुरुआत से दिल्ली कभी उबर ही नहीं सकी और टीम 7 विकेट पर 170 रन ही बना सकी। उसकी ओर से जेपी डुमिनी ने 30 गेंदों में 3 चौकों और 3 छक्कों के साथ सर्वाधिक 48 रन की तेज पारी खेली।
कप्तान केविन पीटरसन ने 33 रन बनाए जबकि दिनेश कार्तिक सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। बंगलोर की 10 मैचों में यह चौथी जीत है जबकि दिल्ली की 10 मैचों में यह आठवीं हार है।