देश को ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेता पहलवान देने वाले गुरु महाबली सतपाल का मानना है कि भारतीय पहलवान सितंबर-अक्तूबर में होने वाले 17वें एशियन गेम्स में भी अपना दमखम दिखाएंगे।
भारतीय पहलवानों ने हाल में समाप्त हुए ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में पांच स्वर्ण सहित कुल 13 पदक जीते थे। इन पांच स्वर्ण में से तीन स्वर्ण द्रोणाचार्य अवार्डी सतपाल के शिष्यों सुशील कुमार, योगेश्वर दत्त और अमित कुमार ने दिलाए थे। इसके अलावा उनके दो अन्य शिष्यों बजरंग और पवन ने भी इन खेलों में पदक जीते थे।
सतपाल ने एशियन गेम्स में भारतीय कुश्ती से लगाई जा रही संभावनाओं के बारे में कहा, ‘गुआंगझू में पिछले एशियन गेम्स में प्रदर्शन निश्चित तौर पर उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा था लेकिन इस बार सुशील और योगेश्वर की वापसी से भारतीय पहलवानों का हौसला बुलंद है। मुझे पूरा उम्मीद है कि वे इंचिओन में देश को कई स्वर्ण पदक दिलाएंगे।’
पिछली बार एशियन गेम्स में सुशील और योगेश्वर नहीं उतरे थे जिससे भारत की चुनौती कमजोर पड़ गई थी। सतपाल का मानना है कि इस बार एशियन गेम्स में स्थिति बदली हुई होगी और भारतीय पहलवान फ्री स्टाइल, ग्रीको रोमन तथा महिला वर्ग में देश को पदक दिलाएंगे।