वीरेंद्र सहवाग ने 29 मार्च, 2004 को पाकिस्तान के खिलाफ मुल्तान में खेले गए टेस्ट मैच के दूसरे दिन एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया जो उससे पहले किसी भी भारतीय बल्लेबाज ने नहीं किया था।
सहवाग ने पहले दिन 228 रनों की नाबाद पारी खेली और दूसरे दिन उन्होंने अपनी पारी को तिहरे शतक में बदल दिया। वह टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जमाने के लिए भारत के पहले बल्लेबाज बन गए।
अपनी इस पारी के बाद उन्हें 'मुल्तान के सुल्तान' का उपनाम मिला, इस पारी में उन्होंने 375 गेंदों में 39 चौके और 6 छक्के लगाए। वह सबसे तेज तिहरा शतक लगाने वाले दुनिया के बल्लेबाज भी हैं।
सहवाग की पारी के अलावा सचिन तेंदुलकर 194 रन बनाकर नाबाद रहे। कप्तान राहुल द्रविड़ ने दूसरे दिन भारत की पारी 5 विकेट पर 675 रन बनाकर घोषित कर दी। हालांकि द्रविड़ के इस फैसले की आलोचना भी हुई क्योंकि उनके इसी फैसले के कारण सचिन 6 रन से अपने दोहरे शतक से चूक गए।
भारतीय गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए खेल के पांचवें दिन तक पहुंचते-पहुंचते पाकिस्तान की पारी 2 बार समेट दी। भारत ने यह मैच एक पारी और 52 रनों से जीत लिया।
देखिए वीडियो, सहवाग की उस यादगार पारी की-