सुब्रतो कप में अंडर-14 वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और गोल्डन ब्वॉय का खिताब जीतने वाले उत्तराखंड के हर्ष बड़थ्वाल को अंडर-17 फुटबॉल वर्ल्ड कप 2017 के लिए संभावित टीम में शामिल किया गया है।
कैंप में अभ्यास में जुटे हर्ष
वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए हर्ष फिलहाल गोवा में चल रहे कैंप में अभ्यास में जुटे हुए हैं। अंबेडकर स्टेडियम ओएनजीसी में फुटबॉल की बारीकियां सीखकर उत्तराखंड के हर्ष बड़थ्वाल अब भारतीय टीम में जगह बनाने के करीब हैं।
ओएनजीसी कॉलोनी निवासी हर्ष के पिता केएन बड़थ्वाल ने बताया कि हर्ष ने 6 साल की उम्र से खेलना शुरू किया था। करीब साढ़े 3 साल पहले ओलंपस हाई स्कूल से चौथी पास करने के बाद हर्ष का चयन चंडीगढ़ फुटबॉल एकेडमी के लिए हुआ था। हर्ष फिलहाल मॉडर्न स्कूल चंडीगढ़ में आठवीं कक्षा के छात्र हैं।
सितंबर महीने में नई दिल्ली में हुए सुब्रतो कप अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता में हर्ष को बेस्ट प्लेयर का अवॉर्ड के तहत 40 हजार रुपए नगद और गोल्डन ब्वॉय के रूप में लैपटॉप मिला था। हर्ष की सफलता का श्रेय केएन बड़थ्वाल उनकी माता लता बड़थ्वाल को देते हैं।
उन्होंने बताया कि जब भी हर्ष मायूस हुआ, उसकी मां ने ही उसका हौसला बढ़ाया और आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया। उधर, हर्ष की सफलता पर जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव देवेंद्र बिष्ट, ओएनजीसी इंप्लाइज यूनियन के सचिव आनंद जोशी ने भी बधाई दी है। साथ ही ओएनजीसी की ओर से हर्ष को मदद दिलाने का वादा किया है।