कड़ाके की ठंड बेशक हो पर सेक्टर-10 के सीएलटीए स्टेडियम में मारीशस और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेनिस का मुकाबला एकदम रोचक रहा।
आमने सामने थे मारीशस के क्वालीफायर डायलैन फू कुने और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी क्रिस वैन विक। दोनों करीब दो घंटे तक चले मैराथन मुकाबले में पसीने से लथपथ हो गए पर जीत हासिल लगी मारीशस के प्लेयर डायलैन फू कुने के हाथ।
दोनों ही विदेशी प्लेयर्स ने इंडिया आईटीएफ जूूनियर-1 में वह जलवा दिखाया। डायलैन एलेक फू कुने ने क्रिस वैन को विक को 6-2, 7-6 (3) से शिकस्त दी।
भारतीय क्वालीफायर एकलव्य सिंह को ग्रेट ब्रिटेन के जे क्लार्क ने 6-3, 7-5 से शिकस्त देकर अगले दौर में स्थान बनाया। जस्टिन राबर्ट ने अंकुश अरोड़ा को 7-5, 6-1 से हराया। सुल्तान सिंह ने हो जुन ली को 6-2, 6-1 से मात दी।
लड़कियों के एकल वर्ग के पहले दौर में रवीना ने नंदिनी शर्मा को 6-2, 6-3 से हराया। विदेशी खिलाड़ी एन शोऊ लिआंग ने ललिता देवारकोंडा को 4-6, 6-3, 6-3 से मात दी। ध्रुती टाटाचर वेणुगोपाल ने फंग शेन वू को 6-2, 4-6, 6-2 से हराया। एक अन्य मुकाबले में जैपिट अनोंटावीसिल ने इस्थिया को 6-2, 6-0 से मात दी।
अंकों की जंग है यह चैंपियनशिप
चंडीगढ़ के सेक्टर-10 में शुरू हुई टेनिस प्रतियोगिता इंटरनेशनल प्लेयर्स के लिए एक बड़ा मंच है। यहां अर्जित किए गए अंकों के माध्यम से प्लेयर्स को आगे की राहें मिलती हैं।
यह कहना है डेविस कप कोच गजेंद्र सिंह का। गजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में कई देशों के प्लेयर्स भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि चीन और मलेशियाई प्लेयर्स का प्रदर्शन जबरदस्त है।