सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस मुद्गल की ओर से पेश आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग की रिपोर्ट में बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मयप्पन को चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) का टीम ऑफिशियल बताया गया है।
विज्ञापन
लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक सीएसके और टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कमेटी से पूछताछ के दौरान मयप्पन को महज एक क्रिकेट प्रेमी और सीएसके का सपोर्टर बताया है। यही नहीं रिपोर्ट में दो मई को जयपुर में सीएसके और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मैच को भी शामिल करते हुए धोनी और रैना के एक ही ओवर में आउट होने पर टिप्पणी की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक कप्तान धोनी से पूछताछ न्यूजीलैंड दौरे पर जाने से महज छह दिन पूर्व छह जनवरी को दिल्ली में की गई। तब तक धोनी अपने इसी रुख पर कायम रहे कि मयप्पन सीएसके के मालिक नहीं बल्कि महज एक क्रिकेट प्रेमी हैं। यही नहीं इस बारे में जब बोर्ड अध्यक्ष एन श्रीनिवासन से चेन्नई में पूछताछ की गई तो उन्होंने भी मयप्पन को टीम मालिक नहीं बल्कि क्रिकेट प्रेमी बताया।
विज्ञापन
Trending Videos
धोनी की टीम 140 रन बनाने को तैयार थी!
मुदग्ल कमेटी ने जब मुंबई पुलिस से गुरुनाथ मयप्पन के रोल के बारे में पूछताछ की तो उनके पास 2008 से 2010 तक टीम मालिक का मान्यता कार्ड मिला।
जबकि 2011 से 2013 तक उन्हें टीम मालिक का नहीं बल्कि मैनेजमेंट ब्लू का मान्यता कार्ड मिला। रिपोर्ट में टिप्पणी की गई है कि मयप्पन सीएसके के टीम ऑफिशियल हैं।
दूसरी ओर, रिपोर्ट में मुंबई पुलिस की ओर से दाखिल चार्जशीट का हवाला देकर कहा गया है कि दो मई के मैच में मयप्पन ने बिंदु दारा सिंह को बताया कि उनकी टीम 130 से 140 का स्कोर करेगी और सीएसके ने ठीक 141 रन बनाए। इस मुकाबले से पहले ही सीएसके नॉकआउट के लिए क्वालीफाई कर चुकी थी।
द्रविड़ को भी नहीं था धोनी के आउट पर कोई संदेह
12 ओवर तक चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का स्कोर 7.7 के रन रेट के साथ एक विकेट पर 85 रन था।
विशेषज्ञों से चर्चा के बाद यही राय बनी की स्कोर 20 ओवरों में दोगुना जरूर
होगा।
लेकिन 12वें ओवर तक एक ओवर के अंतराल में कप्तान धोनी और
सुरेश रैना दोनों ही आउट हो गए। इसके चलते रन रेट धीमा हो गया। इसके बाद
टीम 141 रन पर रुक गई। कुंबले और राहुल द्रविड़ से जब इन दोनों के आउट होने के
बारे में पूछताछ की गई तो उन्होंने इसमें कोई संदेह नहीं बताया। यहां तक
द्रविड़ ने धोनी के लिए स्लिप फील्डर लगाने के अपने फैसले को जायज ठहराया।
यह
13वां ही ओवर था जब मयप्पन ने बिंदू को बताया कि टीम 130 से 140 के बीच ही
स्कोर करेगी। विशेषज्ञों से बातचीत में यही तथ्य निकला कि दो मुख्य
खिलाड़ियों और खासतौर पर टीम के कप्तान को शामिल कर ही मैच को फिक्स किए
जाने की संभावना बनती है।
अगर दोषी पाया गया तो अपनी शेयर दे दूंगा : कुंद्रा
आईपीएल-6 स्पॉट फिक्सिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट नियुक्त कमेटी की रिपोर्ट आने से बवाल मचा हुआ है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि राजस्थान रॉयल्स के मालिक राज कुंद्रा के खिलाफ सट्टेबाजी और स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों पर आगे जांच करने की सिफारिश की गई है। इस पर राज कुंद्रा का कहना है कि अगर उनकी तरफ से किसी प्रकार की गड़बड़झाला पाया गया तो वह आईपीएल टीम में अपने सभी शेयर दे देंगे।
पंजाब और हरियाणा के पूर्व चीफ जस्टिस मुकुल मुदगल की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति द्वारा सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में रिपोर्ट पेश किए जाने के बाद कुंद्रा ने कहा, "अगर मेरी तरफ से कोई गलती हुई है तो मैं अपने सभी शेयर दे दूंगा। दिल्ली पुलिस ने चार महीने लिए हैं और कुछ और समय मांगा है। हम उन्हें सहयोग कर रहे हैं। हमें कोई तकलीफ नहीं है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा है और यह दुर्भाग्य की बात है।" रिपोर्ट में कहा गया है कि गुरुनाथ मयप्पन ने आईपीएल मैच के दौरान टीम की सूचना लीक की थी।
तय समय पर होगी आईपीएल की नीलामी
चेन्नई सुपर किंग्स के टीम प्रिंसिपल गुरुनाथ मयप्पन के आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग में दोषी पाए जाने के बाद आईपीएल के सातवें संस्करण के लिए प्रस्तावित नीलामी अपने निर्धारित समय पर ही होगी।
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा, "सबसे अच्छी बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि आईपीएल की नीलामी नहीं रुकेगी। यह अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बंगलूरू में आयोजित की जाएगी।"
शुक्ला ने साथ ही कहा कि किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले हमें सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करना चाहिए।
इंग्लैंड के बल्लेबाज इयोन मोर्गन ने बुधवार को बंगलूरू में होने वाली आईपीएल की नीलामी से खुद को दूर कर लिया है। केविन पीटरसन के टीम से हटने के बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी की पुरजोर तैयारी के कारण मोर्गन ने यह फैसला किया है।
मोर्गन ने यह ट्विटर पर यह जानकारी देते हुए कहा, "मैं आईपीएल का शुक्रगुजार हूं कि उसने इस साल की नीलामी प्रक्रिया से हटने के मेरे आग्रह को स्वीकार कर लिया है। मैं टूर्नामेंट को अपनी शुभकामना देता हूं।"