आठवां अखिल भारतीय उत्तराखंड शहीद गिरीश भद्री क्रिकेट टूर्नामेंट नौ से 21 फरवरी के बीच खेला जाएगा। अजबपुर यंगस्टार क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित टूर्नामेंट में पिछले साल की तरह इस बार भी कुछ आईपीएल खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है।
शनिवार को फालतू लाइन स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष अनिल डोभाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के मुकाबले रेंजर्स मैदान के अलावा तनुष क्रिकेट एकेडमी और अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में भी खेले जाएंगे। उद्घाटन और समापन समारोह रेंजर्स मैदान में ही होगा।
विजेता टीम को 1.51 लाख
टूर्नामेंट में उत्तराखंड की चार टीम समेत कुल 16 टीमों को एंट्री दी गई है। विजेता टीम को 1.51 लाख और उपविजेता टीम को 85 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। सेमीफाइनलिस्ट टीमों के लिए ईनामी राशि 11-11 हजार रुपये है। हर मैच में मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया जाएगा।
मैच के दौरान थर्ड अंपायर की व्यवस्था रहेगी। इसके लिए मैदान में चार कैमरे लगाए गए हैं। पत्रकार वार्ता में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव पीसी वर्मा, भरत गुलाटी, रवि नेगी, मनोज रावत, हर्ष नेगी, संजय सकलानी, विनोद भद्री, संजय कटियार आदि मौजूद थे।