स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने के बाद यमुनानगर जिले के राजपूत ने साउथ कोरिया में चल रहे इंचियोन एशियन गेम्स में भी कांस्य पदक हासिल कर लिया है।
जगाधरी निवासी नेवी अफसर संजीव राजपूत को दस मीटर राइफल शूटिंग के टीम इवेंट में यह कामयाबी हासिल हुई। उनके साथ टीम में राइफल शूटर अभिनव बिंद्रा और रवि कुमार भी शामिल रहे।
संजीव की जीत का समाचार मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगने से जश्न का माहौल है। मंगलवार को दिनभर घर पर पड़ोसी और सगे-संबंधी परिजनों को बधाई देने पहुंचते रहे। परिवार के सदस्यों ने मिठाई बांटकर इस खुशी का इजहार किया।