फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्रिकेट जगत में इस साल बने ढेरों रिकॉर्ड

Sun, 29 Dec 2013 07:12 PM IST
सुरेंद्र कुमार वर्मा
विज्ञापन
विज्ञापन
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने इस साल क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
विज्ञापन


24 साल के बेमिसाल क्रिकेट करियर के बाद सचिन ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का अंतिम मैच खेलकर करियर का 200वां मैच खेलने का कीर्तिमान रचा। उन्होंने अपना अंतिम और 200वां टेस्ट मैच 14-16 नवंबर को मुंबई में खेला था।

वह दुनिया के एकमात्र ऐसे क्रिकेटर हैं जिन्होंने 200 टेस्ट मैच खेले हैं।

वनडे में सबसे तेज 5000 रन बनाने का रिकॉर्ड

टीम इंडिया के उपकप्तान विराट कोहली के लिए यह साल बेहद कामयाबी वाला रहा।

कोहली ने वेस्ट इंडीज ‌के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान 114 वनडे पारियों में ही पांच हजार रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने विंडीज के महान बल्‍लेबाज विवियन रिचर्ड्स के रिकॉर्ड की बराबरी की।

महज 81 पारियों में बनाए चार हजार रन

दक्षिण अफ्रीका के बेहतरीन बल्‍लेबाज हाशिम अमला ने डरबन वनडे में भारत के खिलाफ सबसे कम पारियों में चार हजार रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

उन्होंने महज 81 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। अमला ने विंडीज के महानतम बल्‍लेबाज विवियन रिचर्ड्स के 88 पारियों में चार हजार रन के रिकॉर्ड को तोड़ा।

एक सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड

लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने लंबे समय बाद 2013 में टीम इंडिया में वापसी की। अगस्‍त 2013 में टीम इंडिया के जिंबाब्वे दौरे के दौरान पांच मैचों की सीरीज में 18 विकेट झटककर एक द्वीपक्षीय सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

अमित मिश्रा से पहले यह रिकॉर्ड भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ के नाम दर्ज था। उन्होंने 2002-03 में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी।

क्रिस गेल ने एक टी-20 मैच में बनाए 175 रन

बेंगलुरू रॉयल चैलेंजर्स (आरसीबी) के विस्फोटक बल्‍लेबाज क्रिस गेल ने आईपीएल 6 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ ‌धमाकेदार पारी खेली और महज 30 गेंदों में ही शतक ठोक दिया। उन्होंने इस मैच में 175 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

गेल ने अपनी इस वर्ल्ड रिकॉर्ड पारी में 17 छक्कों के अलावा 13 चौके भी लगाए।

एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने बंगलुरू में वनडे मुकाबले में 209 रन बनाए। वह वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के तीसरे बल्‍लेबाज हैं।

इस रिकॉर्डतोड़ पारी में उन्होंने 16 छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 2011 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मुकाबले में शेन वॉटसन के 15 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

क्रिकेट में साल की सबसे सफल सलामी जोड़ी टीम इंडिया की

यूं तो टीम इंडिया में हमेशा से ही बेजोड़ सलामी जोड़ी की कमी महसूस की जाती रही है लेकिन इस साल शिखर धवन और रोहित शर्मा की जोड़ी ने कमाल कर दिखाया है।

धवन और रोहित ने इस साल 24 मैचों में टीम इंडिया की शुरुआत की है जिसमें 55.26 की औसत से दोनों ने 1271 रन जोड़े।

मजेदार बात यह रही कि रोहित शर्मा मध्य क्रम के बल्‍लेबाज हैं और उन्हें धवन के सा‌थ सलामी जोड़ी बनाकर आजमाया गया था।

दो बार लगातार 5 पारियों में 50 से ज्यादा का स्कोर

विराट कोहली ने इस साल सफलता के कई रिकॉर्ड तोड़े। वह दुनिया के ऐसे पहले क्रिकेटर बन गए हैं जिन्होंने वनडे क्रिकेट में दो बार लगातार पांच मैचों में 50 या 50 से ज्यादा रन बनाने का कारनामा किया है।

पहली बार 28 फरवरी से 21 जुलाई 2012 के बीच उन्‍होंने चार शतक और 66 रन बनाए। इसके बाद इस साल कोहली ने 28 जुलाई से 30 अक्टूबर के बीच नाबाद 68, 61, नाबाद 100, 68 और नाबाद 115 में लगातार पांच बार 60 से ज्यादा रन बनाने की उपलब्धि हासिल की।

एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड

वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक जमाने वाले रोहित शर्मा ने एक वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी बनाया।

सात मैचों की वनडे सीरीज में छह मैच खेले गए और इसमें रोहित शर्मा ने 491 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

उन्होंने इसी सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान जॉर्ज बैली के बनाए इस रिकॉर्ड को तोड़ा। बैली ने इस सीरीज में 478 रन बनाए थे।

एक मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सात मैचों की वनडे सीरीज का अंतिम मैच बंगलुरू में खेला गया और इस मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना।

इस मैच में कुल 38 छक्के लगे। दिलचस्प यह है कि 18-18 छक्के दोनों ही टीम की ओर से लगे थे। इससे पहले 2009 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च वनडे में 31 छक्के लगे थे।

एलिस्टर कुक बने सबसे तेज आठ हजारी

कप्तान एलिस्टर कुक की टीम ऑस्ट्रेलिया में भले ही एशेज सीरीज में हार रही हो लेकिन उन्होंने एक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है।

एशेज सीरीज के चौथे टेस्‍ट मैच की दूसरी पारी में उन्होंने 51 रनों की पारी खेली जिसमें उन्होंने सात चौके भी लगाए। कुक इसी के साथ 29 साल की उम, में 8000 टेस्ट रन पूरे करने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं।
विज्ञापन

इस साल वनडे क्रिकेट में लगा तीसरा दोहरा शतक

रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बंगलुरू वनडे में शानदार बल्‍लेबाजी कर दोहरा शतक जमाने का कारनामा किया। वह वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के महज तीसरे क्रिकेट हैं।

दो नवंबर को हुए इस मैच उन्‍होंने इस यादगार पारी में 158 गेंदों में 209 रन बनाए। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें