फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहले दिन की नीलामी पूरी, कुल 212.35 करोड़ हुए खर्च

Wed, 12 Feb 2014 06:18 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
आईपीएल की नीलामी का पहला दिन बेहद दिलचस्प रहा। दो दिन चलने वाली इस नीलामी के पहले दिन कुल 212.35 करोड़ रुपए (36 मिलियन डॉलर) खर्च हुए।
विज्ञापन


नीलामी का पहला दिन युवराज सिंह के नाम रहा, जिन्हें रॉयल चैंलेजर्स बंगलूर ने 14 करोड़ में खरीदा। जबकि दिनेश कार्तिक खिलाड़ियों की नीलामी में सबसे भाग्यशाली क्रिकेटर साबित हुए जिन्हें खरीदने के लिए दिल्ली डेयरडेविल्स ने 12.5 करोड़ रुपए खर्च किए। दोनों क्रिकेटरों की बेस प्राइज दो करोड़ रुपए रखी गई थी। वीरेंद्र सहवाग को भी तगड़ा झटका लगा और उनकी अन्य क्रिकेटरों की तुलना में बेहद कम कीमत लगी।

हालांकि नीलामी का पहला दिन श्रीलंकाई क्रिकेटरों के लिए बहुत बुरा साबित हुआ, उसके ढेरों धुरंधरों को किसी ने नहीं लिया। श्रीलंका के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज, दिलशान तिलकरत्ने, महेला जयवर्धने, अजंता मेंडिस के अलावा ऑस्ट्रेलिया के ब्रेट ली और डेविड हसी जैसे ढेरों क्रिकेटरों के लिए किसी ने बोली नहीं लगाई।
विज्ञापन

राइडर नहीं बिके, चेन्‍नई ने नेहरा को खरीदा

क्रिकेट जगत के 'बैड ब्वॉय' जेसी राइडर को भी खरीदार नहीं मिला। लेकिन आश्चर्यजनक रूप से तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को खरीदार मिल गया है। नेहरा की बोली ने सभी क्रिकेटप्रशंसकों को चौं‌का दिया है।

अक्सर चोट के कारण मैदान से बाहर रहने वाले नेहरा की बेस प्राइज दो करोड़ थी और चेन्‍नई सुपर किंग्स ने बेस प्राइज पर ही खरीद लिया। जबकि चेन्‍नई के लिए शानदार गेंदबाजी करने वाले डग बोलिंगर को किसी ने नहीं खरीदा। कभी धोनी के पसंदीदा तेज गेंदबाज रहे रुद्र प्रताप सिंह और मनप्रीत गोनी को भी किसी ने नहीं खरीदा।

लक्ष्मीपति बालाजी को पंजाब ने एक करोड़ 80 लाख रुपए में खरीदा। जयदेव उनादकट को दिल्‍ली डेयरडेविल्स ने 2.8 करोड़ में खरीदकर अपनी गेंदबाजी विभाग को भी सुधारने की कोशिश की है। ईरानी ट्रॉफी में कमाल का प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज पंकज सिंह को किसी ने नहीं खरीदा।

मैक्सवेल के लिए पंजाब ने खर्चे 6 करोड़

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को पंजाब किंग्स इलेवन ने छह करोड़ में खरीदा है। मैक्सवेल को लेकर पहले मुंबई और दिल्ली में कांटे की टक्कर थी और बोली पांच करोड़ तक पहुंच चुकी थी, लेकिन इस बीच पंजाब की टीम इस बोली में कूद गई और उसने छह करोड़ की बोली लगाई।

पंजाब की बोली के जवाब में मुंबई पीछे हट गई और प्रीति जिंटा की टीम को यह आतिशी क्रिकेटर मिल गया। जबकि हमवतन मोइसिस हेनरिक को एक करोड़ में हैदराबाद ने खरीदा।

हालांकि वेस्ट इंडीज के आलराउंडर आंद्रे रसेल के लिए किसी ने भी कोई बोली नहीं लगाई। ऑस्ट्रेलियाई आलराउंडर डेल ‌क्रिस्टियन और इंग्लैंड के ल्युक राइट भी नहीं बिके। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी के लिए चेन्‍नई और राजस्‍थान में जबर्दस्त मुकाबला रहा और बाजी राजस्थान रॉयल्स के पक्ष में रही। साउदी एक करोड़ 20 लाख रुपए में बिके।

बेस प्राइज था 50 लाख, बिके सवा चार करोड़ में

2011 में वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया में शामिल रहे फिरकी गेंदबाज पीयूष चावला को इस बार नीलामी में उम्मीद से कहीं ज्यादा कीमत लगी है। वह लंबे समय से टीम से बाहर हैं और इस नीलामी में उनक‌ी बेस प्राइज थी महज 50 लाख। लेकिन कोलकाता नाइटराइडर्स ने उन्हें खरीदने के लिए सवा चार करोड़ रुपए खर्च कर डाले।

एक अन्य फिरकी गेंदबाज प्रज्ञान ओझा को एक बार फिर मुंबई ने अपनी टीम में शामिल कर लिया और इसके लिए मुंबई इंडियंस को तीन करोड़ 25 लाख रुपए खर्च करने पड़े। राहुल शर्मा को दिल्‍ली ने एक करोड़ 90 लाख रुपए में खरीदकर अपनी टीम में शामिल किया। जबकि वर्ल्डरिकॉर्डधारी श्रीलंका के पूर्व स्पिनर मुथैया मुरलीधरन भी बिकने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए। उन्हें बंगलूर ने एक करोड़ रुपए में खरीदा।

हालांकि श्रीलंका के लिए यह नीलामी बेहद निराशाजनक साबित हुई है। बल्‍लेबाजों के बाद करिश्माई श्रीलंकाई गेंदबाज अजंता मेंडिस को किसी ने नहीं खरीदा। न्यूजीलैंड के नॉथन मैकुलम भी अनबिके रह गए। भारत के मुरली कार्तिक पर भी किसी ने बोली नहीं लगाई।

कोरी एंडरसन के लिए हुआ जबर्दस्त संघर्ष

न्यूजीलैंड के युवा बल्‍लेबाज कोरी एंडरसन जिन्होंने साल 2014 की शुरुआत में ही वेस्ट इंडीज के खिलाफ वनडे मैच में सबसे तेज शतक मारने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। इस आतिशी बल्‍लेबाज को खरीदने को लेकर मुंबई इंडियंस, दिल्‍ली डेयरडेविल्स, राजस्‍थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच जबर्दस्‍त मुकाबला देखने को मिला।

हालांकि इस रेस में मुंबई काफी आगे निकल गई और 4.5 करोड़ की बोली लगाकर एंडरसन को अपनी टीम में शामिल कर लिया। मुंबई की टीम में अब कीरोन पोलार्ड, लसिथ मलिंगा, माइक हसी के बाद एंडरसन भी जुड़ गए हैं। बल्‍लेबाजी में ताकतवर टीम बन गई है मुंबई।

वहीं 'हरौला एक्सप्रेस' तेज गेंदबाज परविंदर अवाना को पंजाब ने 65 लाख रुपए में खरीदा है। जबकि दिल्‍ली ने तेज गेंदबाज नॉ‌थन कटलर नेल को सव चार करोड़ रुपए में खरीदने में सफलता हासिल की है।

हेल्‍स के साथ-साथ बोपारा भी नहीं बिके

टी-20 वर्ल्ड रैंकिंग में दूसरे नंबर के बल्‍लेबाज इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स को भी आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिलेगा। उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा। हेल्स की टीम के साथी खिलाड़ी रवि बोपारा और सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान रहे ऑस्ट्रेलिया के कैमरून व्हाइट को आज की नीलामी में बड़ा झटका लगा है। दाएं हाथ के इस बल्‍लेबाज को किसी भी टीम ने खरीदने में अपनी दिलचस्पी नहीं दिखाई।

बांग्लादेश के तमीम इकबाल, न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल, वेस्ट इंडीज के लिडंल सिमंस और ऑस्ट्रेलिया के टिम पैने को किसी भी टीम ने नहीं लिया। ऑस्ट्रेलिया के ल्युक रोंची और जिम्बाब्वे के बल्‍लेबाज ब्रेंडन टेलर भी इस नीलामी में खाली हाथ रहे। वेस्ट इंडीज के धाकड़ बल्‍लेबाज डेरेन ब्रॉवो को भी किसी ने नहीं लिया। तेज गेंदबाज ब्रेट ली भी इस नीलामी में नहीं बिके हैं।

हालांकि भारतीय बल्‍लेबाज सौरव तिवारी को दिल्‍ली डेयरडेविल्स ने पहली ही बोली में 70 लाख रुपए में खरीद लिया है।

पहले सत्र तक पंजाब ने 22 करोड़ से ज्यादा खर्च किए

आईपीएल सात की नीलामी में कई उतार-चढ़ाव दिखे। एक दिन पहले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में जगह पाने वाले युवराज सिंह ने नीलामी के पहले ‌दिन के लंच तक बाजी मार ली है।

बंगलुरू में हो रही नीलामी में बाएं हाथ के बल्‍लेबाज युवराज सिंह को रॉयल चैंलेजर्स बंगलूर ने सबसे ज्यादा बोली लगाते हुए 14 करोड़ रुपए में खरीदा है। जबकि दूसरे स्‍थान पर दिनेश कार्तिक रहे जिन्हें दिल्‍ली ने खरीदा। इंग्लैंड के धाकड़ बल्‍लेबाज केविन पीटरसन को दिल्‍ली डेयरडेविल्स ने नौ करोड़ रुपए में खरीदा। नीलामी के पहले दिन के लंच तक अब तक 60 क्रिकेटरों की बोली लग चुकी है।

श्रीलंकाई क्रिकेटरों के लिए यह नीलामी बेहद निराशाजनक रही है और उनके कई दिग्गज खिलाड़ियों को किसी ने नहीं खरीदा। पंजाब किंग्स इलेवन अब तक 22.65 करोड़ रुपए खर्च कर चुकी है।

हैदराबाद ने इशांत शर्मा की बचाई 'लाज'

खराब फॉर्म के कारण कल ही टीम इंडिया से बाहर किए गए तेज गेंदबाज इशांत शर्मा की लाज सनराइजर्स हैदराबाद ने बचा ली। इशांत पहले भी हैदराबाद के लिए खेलते रहे हैं। उन्हें 2.6 करोड़ में हैदराबाद ने खरीदा।

भुवनेश्वर कुमार को भी इशांत की टीम ने ही खरीदा। 1.5 करोड़ की बेस प्राइज वाले भुवी को हैदराबाद ने सवा चार करोड़ में खरीदकर अपनी टीम में शामिल किया। एक अन्य तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को भी सवा चार करोड़ रुपए मिले और यह पैसे दिल्‍ली ने देकर अपनी टीम में रख लिया।

जबकि पुणे वॉरियर्स की ओर से खेल चुके तेज गेंदबाज अशोक डिंडा को खरीदने के लिए रॉयल चैलेंजर्स बंगलूर ने डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए। उमेश यादव (2.6 करोड़) को कोलकाता नाइटराइडर्स ने खरीदा। वहीं अपनी कप्तानी में कर्नाटक को रणजी ट्रॉफी दिलवाने वाले तेज गेंद‌बाज विनय कुमार को कोलकाता ने 2.8 करोड़ रुपए में खरीदा। कोलकाता ने ही अफ्रीकी गेंदबाज मोर्ने मोर्कल (2.8 करोड़) को खरीदा।

युवी के बाद दूसरे सबसे महंगे क्रिकेटर बने कार्तिक

मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले विकेटकीपर-बल्‍लेबाज दिनेश कार्तिक इस नीलामी में काफी भाग्यशाली साबित हुए। युवराज के बाद वह अब तक दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हुए हैं।

दिल्‍ली डेयरडेविल्स ने कार्तिक पर बड़ा भरोसा जताया और उन्हें खरीदने के लिए बड़ा पैसा खर्च किया। कार्तिक का बेस प्राइज दो करोड़ रुपए था और वह 12 करोड़ 50 लाख रुपए में बिके। दिल्‍ली ने कोलकाता नाइटराइडर्स के बल्‍लेबाज मनोज तिवारी (फोटो) को भी अपनी टीम में शामिल कर लिया है।

तिवारी का बेस प्राइज दो करोड़ था और उन्हें खरीदा दो करोड़ 80 लाख रुपए में। दिल्‍ली की टीम में जेपी डुमनी भी आ गए हैं। एक करोड़ की बेस प्राइज वाले डुमनी को दो करोड़ 20 लाख रुपए में खरीदा गया।

विराट कोहली की टीम ने युवराज को 14 करोड़ में खरीदा

आईपीएल के सातवें संस्करण के लिए हो रही खिलाड़ियों की नीलामी में युवराज सिंह को बंगलौर रॉयल चैलेंजर्स (आरसीबी) ने 14 करोड़ रुपए में खरीद लिया है।

युवराज का बंगलौर रॉयल चैलेंजर्स के लिए खरीदना पहले से तय माना जा रहा था। कुछ दिन पहले ऐसी खबरें आई थी कि आरसीबी के कप्तान विराट कोहली ने अपनी टीम में शामिल करने के लिए उनसे मुलाकात की थी।

मुरली विजय नीलामी में पहले मार्की क्रिकेटर हैं जिनकी बोली लगी और पांच करोड़ रुपए में दिल्‍ली डेयरडेविल्स ने खरीदा। विजय का बेस प्राइज दो करोड़ रुपए रखा गया था और वह पांच करोड़ रुपए में बिके। ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्‍लेबाज डेविड वॉर्नर ने सनराइजर्स हैदराबाद ने 5.5 करोड़ रुपए में खरीदा है।

पहले वॉर्नर को खरीदने के लिए चेन्‍नई सुपर किंग्स की टीम आगे आई थी और चार करोड़ की बोली लगाकर पीछे हट गई। बाद में हैदराबाद में अपनी टीम के लिए खरीद लिया।

वीरेंद्र सहवाग की कीमत महज 3.2 करोड़

आईपीएल में दिल्‍ली डेयरडेविल्स की ओर से खेल चुके आतिशी बल्‍लेबाज वीरेंद्र सहवाग को नीलामी में निराशा हाथ लगी है। मार्की खिलाड़ी होने के नाते उनकी बोली नीलामी की शुरुआत में लगी।

पंजाब किंग्स इलेवन ने सहवाग को महज तीन करोड़ 20 लाख रुपए में खरीदा। सहवाग से ज्यादा पैसा तो मुरली विजय को मिला है जो पांच करोड़ रुपए में बिके हैं।

जहीर खान का दिलचस्प रहा सफर

टीम इंडिया के अनुभवी तेज गेंदबाज जहीर खान मार्की खिलाड़ियों की सूची में 16वें नंबर पर थे और इसके साथ ही मार्की खिलाड़ियों की नीलामी पूरी हो गई है।

जहीर को मुंबई इंडियंस ने एक बार फिर अपनी टीम में शामिल कर लिया है। नीलामी से पहले उनका बेस प्राइज एक करोड़ रुपए रखा गया था और मुकेश अंबानी की स्वामीत्व वाली मुंबई टीम ने 2.6 करोड़ में उन्हें खरीद लिया।

जहीर का आईपीएल का सफर बेहद दिलचस्प रहा है। उन्होंने आईपीएल करियर की शुरुआत बंगलूर रॉयल चैलेंजर्स से की थी फिर मुंबई इंडियंस चले गए। इसके बाद वह फिर बंगलूर रॉयल चैलेंजर्स से जुड़ गए। एक बार फिर वह अब मुंबई इंडियंस टीम से जुड़ने जा रहे हैं।

व्हाइट, सिमंस और गुप्टिल पर नहीं लगी बोली

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान रहे कैमरून व्हाइट को आज की नीलामी में बड़ा झटका लगा है। दाएं हाथ के इस बल्‍लेबाज को किसी भी टीम ने खरीदने में अपनी दिलचस्पी नहीं दिखाई।

व्हाइट के अलावा कुछ अन्य बड़े विदेशी सितारों को निराशा हाथ लगी है। बांग्लादेश के तमीम इकबाल, न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल, वेस्ट इंडीज के लिडंल सिमंस और ऑस्ट्रेलिया के टिम पैने को किसी भी टीम ने नहीं लिया। ऑस्ट्रेलिया के ल्युक रोंची और जिम्बाब्वे के बल्‍लेबाज ब्रेंडन टेलर भी इस नीलामी में खाली हाथ रहे। वेस्ट इंडीज के धाकड़ बल्‍लेबाज डेरेन ब्रॉवो को भी किसी ने नहीं लिया।

हालांकि भारतीय बल्‍लेबाज सौरव तिवारी को दिल्‍ली डेयरडेविल्स ने पहली ही बोली में 70 लाख रुपए में खरीद लिया।

दिल्‍ली डेयरडेविल्स ने नीलामी में मारी बाजी

इंग्लैंड के ‌‌लिए खेलने से अचानक संन्यास का फैसला लेने वाले धाकड़ बल्‍लेबाज केविन पीटरसन फ्रेंचाइजी की पसंद बने हुए थे। युवराज सिंह और दिनेश कार्तिक के बाद वह तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में बिके।

पीटरसन को दिल्‍ली डेयरडेविल्स ने नौ करोड़ रुपए में खरीदा है, जबकि उनका बेस प्राइज रखा गया था दो करोड़ रुपए। सातवें संस्करण में दिल्ली डेयरडेविल्स ने अपने किसी भी खिलाड़ी को बरकरार नहीं रखा था।

दिल्‍ली ने इस बार टीम में कई अच्छे ‌खिलाड़ियों को शामिल करने में सफलता हासिल की है। केपी, दिनेश कार्तिक, जेपी डुमनी और मनोज तिवारी के बाद दिल्‍ली ने अफ्रीकी बल्‍लेबाज क्विंटन डी कॉक को भी खरीद लिया है। कॉक को खरीदने के लिए दिल्‍ली तीन करोड़ 50 लाख रुपए खर्च किए। साढ़े 11 तक की हुई नीलामी के आधार पर कहा जा सकता है कि अब तक दिल्‍ली अच्छे खिलाड़ियों को खरीदने में कामयाब रही है।

अमित मिश्रा पौने पांच करोड़ रुपए में बिके

फिरकी गेंदबाज अमित मिश्रा को लेकर राजस्‍थान रॉयल्स ने बोली की शुरुआत की। बाद में दिल्‍ली डेयरडेविल्स ने भी उनको खरीदने में अपनी दिलचस्पी दिखाई।

लेकिन दिल्‍ली ने चार करोड़ 75 लाख रुपए में अमित मिश्रा को खरीदने में कामयाबी हास‌िल की। अमित इससे पहले हैदराबाद की टीम से जुड़े थे। नीलामी में उनका ब्रेस प्राइज दो करोड़ रुपए रखा गया था। अमित मिश्रा का आईपीएल में शानदार रिकॉर्ड रहा है और दो बार हैट्रिक लेने का कारनामा किया है।

'मिस्टर क्रिकेट' माइकल हसी अब मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते नजर आएंगे। मुंबई ने उन्हें पांच करोड़ रुपए में खरीदा। ऑस्ट्रेलिया के इस बल्‍लेबाज को खरीदने के लिए दिल्‍ली और मुंबई में जबर्दस्त मुकाबला देखने को मिला।

यूसुफ को केकेआर ने सवा तीन करोड़ में लिया

विस्फोटक बल्‍लेबाज यूसुफ पठान को कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने सवा तीन करोड़ रुपए में खरीदकर अपनी टीम में बरकरार रखा है। जबकि यूसुफ के छोटे भाई इरफान पठान को सनराइजर्स हैदराबाद ने 2.4 करोड़ रुपए में खरीदा।

बांग्लादेश के आलराउंडर शाकिब अल हसन भी कोलकाता टीम में बने हुए ‌हैं और उन्हें 2.8 करोड़ में खरीदा गया है। जबकि श्रीलंका के थिसारा परेरा को पंजाब ‌किंग्स इलेवन ने 1.6 करोड़ रुपए में खरीद कर अपने टीम में शामिल किया।

वहीं ऑस्ट्रेलिया के बल्‍लेबाज स्टीवन स्मिथ को राजस्‍थान रॉयल्स ने चार करोड़ में खरीद कर अपनी टीम में शामिल किया। जबकि आरसीबी ने दक्षिण अफ्रीकी बल्‍लेबाज एल्‍बी मोर्कल ने 2.4 करोड़ की बोली लगाकर खरीदा।

नहीं बिके जो बड़े क्रिकेट सितारे

श्रीलंका के बेजोड़ बल्‍लेबाज और पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने को इस नीलामी में जोर का झटका लगा है। इस धुरंधर बल्‍लेबाज की नीलामी के लिए दो करोड़ की बेस प्राइज रखा गया था, लेकिन किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन्हें खरीदने में अपनी दिलचस्पी नहीं दिखाई और वह अनबिके रह गए।

जयवर्धने के बाद न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और आतिशी बल्‍लेबाज रॉस टेलर को भी आईपीएल की नीलामी में बड़ा झटका लगा है। जयवर्धने की तरह टेलर का भी बेस प्राइज दो करोड़ रुपए रखा गया था, लेकिन किसी भी टीम ने दोनों को खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई।

इनके अलावा नमन ओझा (बेस प्राइज 50 लाख), मैथ्यू वाडे (ऑस्ट्रेलिया, बेस प्राइज 1 करोड़), क्रेग कीस्वेटर (इंग्लैंड, बेस प्राइज 1.5 करोड़) और कुशल परेरा (श्रीलंका, बेस प्राइज 50 लाख) भी नहीं बिक सके।

नहीं बिकने वालों में प्रवीण कुमार भी शामिल

कभी टीम इंडिया की तेज गेंदबाजी की नई उम्मीद माने जा रहे प्रवीण कुमार को भी इस नीलामी में तगड़ा झटका लगा है। प्रवीण को किसी भी फ्रेंचाइजी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। उनका बेस प्राइज दो करोड़ रुपए रखा गया था।

प्रवीण के अलावा कुछ और बड़े सितारे हैं जिन्हें आज किसी भी टीम ने नहीं खरीदा। श्रीलंका के दिलशान तिलकरत्ने और पाकिस्तान मूल के इंग्‍लैंड के आलराउंडर अजहर महमूद भी इस आईपीएल में खेलते नजर नहीं आएंगे क्योंकि उन्हें किसी ने भी नहीं खरीदा। अजहर महमूद ट्वंटी-20 क्रिकेट के बड़े ‌खिलाड़ी माने जाते हैं।

नीलामी में अब तक का सबसे बड़ा झटका श्रीलंका के आलराउंडर कप्तान एंजेलो मैथ्यूज को लगा जो नहीं बिके। वेस्ट इंडीज के तेज गेंदबाज रवि रामपॉल के लिए स्थिति बहुत अच्छी नहीं रही और उन्हें महज 90 लाख रुपए में बंगलूर रॉयल चैलेंजर्स ने खरीदा। हालांकि उनका बेस प्राइज 50 लाख ही रखा गया था।
विज्ञापन

चेन्‍नई की टीम से जुड़े जैक्स कैलिस

दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्‍लेबाज जैक्स कैलिस को चेन्‍नई सुपर किंग्स अपनी टीम में शामिल करने में सफल रही हैं। हालांकि उनके लिए चेन्‍नई सुपर किंग्स और दिल्‍ली डेयरडेविल्स के बीच कांटे क‌ी टक्कर थी जिसमें बाजी धोनी की टीम के हाथ लगी। कैलिस ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया है।

कैलिस को पांच करोड़ 50 लाख रुपए में खरीदा गया। विदेशी खिलाड़ियों में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल जॉनसन पर सबकी निगाहें थी क्योंकि उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज में बेहद शानदार प्रदर्शन किया था।

लेकिन उम्मीद के मुताबिक उनकी कम में बोली लगी। इस नीलामी में जॉनसन की बेस प्राइज दो करोड़ रुपए रखी गई थी और पंजाब किंग्स इलेवन ने उन्हें 6.5 करोड़ रुपए में खरीदा। जॉनसन अब सहवाग के साथ पंजाब की टीम में होंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें