पीसीए स्टेडियम मोहाली में वीरवार को पंजाब और गुजरात में रणजी ट्राफी का मुकाबला शुरू हुआ। पहले ही दिन 16 विकेट गिर गए।
मैच में टॉस जीतकर गुजरात ने पहले पंजाब को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। पंजाब की ओर से सलामी बल्लेबाजी जोड़ी जीवनजोत सिंह और रवि इंदर सिंह ने शुरुआत की।
स्कोर 34 पहुंचा ही था, तभी रविइंदर 20 को निजी स्कोर पर गेंदबाज भावेश ने आउट किया। दूसरे छोर पर जीवनजोत सिंह अगले बल्लेबाज तरुवर कोहली के साथ स्कोर को आगे बढ़ाते रहे।
इसी बीच गुजरात के जसप्रीत की घातक गेंदबाजी के आगे पंजाब की टीम के अधिकतर बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। जसप्रीत ने पंजाब टीम के पांच बल्लेबाजों को आउट किया।
जसप्रीत ने तरुवर कोहली को 7 के स्कोर, मनदीप सिंह को 6 के स्कोर, मयंक सिद्धाना को 16 के स्कोर, मनप्रीत गोनी को 3 के स्कोर, संदीप शर्मा को 6 के स्कोर पर पवेलियन पहुंचाया।
पंजाब की ओर से जीवनजोत सिंह एकमात्र ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने अर्धशतक बनाया। आउट होने से पहले जीवनजोत सिंह 86 के स्कोर पर गेंदबाज राकेश ध्रुव का शिकार बने।
कप्तान हरभजन सिंह को दो के निजी स्कोर पर गेंदबाज राकेश ध्रुव ने बोल्ड किया। पंजाब की पूरी टीम पहली पारी में 172 पर सिमट गई।
उधर गुजरात की पहली पारी में कमजोर शुरुआत रही। पंजाब की तेज गेंदबाज तिकड़ी संदीप शर्मा, सिद्धार्थ कौल, मनप्रीत गोनी ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक गुजरात के पहली पारी में 61 के स्कोर पर 6 विकेट झटक लिए।
दिन का खेल खत्म होने तक राजुल भट्ट 11 रन और अक्षर पटेल 14 रन बनाकर नाबाद रहे। पंजाब की ओर से संदीप शर्मा ने सुमित पटेल को 6 रन, मनप्रीत जुनेजा को 7 रन, भार्गव को 0 पर आउट किया।
सिद्धार्थ कौल ने सुमित को 11 रन पर आउट किया। वहीं मेहुल को मनप्रीत गोनी ने 4 के स्कोर पर चलता किया। पार्थिव पटेल 4 के निजी स्कोर पर रन आउट हुए।