खेल के मैदान में एक बार फिर से शहर के आयोजकों को किरकरी हुई। ताजा मामला सेक्टर 42 स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के नए बने बास्केटबाल स्टेडियम का है। यहां पर चंडीगढ़ बास्केटबाल एसोसिएशन की ओर से यूथ बास्केटबाल चैंपियनशिप के मुकाबले खेले जा रहे हैं।
इसमें देश के विभिन्न राज्यों से लड़के और लड़कियों की टीम हिस्सा ले रही हैं। यहां पर हिस्सा लेने वाली दो टीमों के बीच जमकर धक्कामुक्की और हाथापाई हुई। इसमें एक खिलाड़ी को गंभीर चोट आई और उसके टांके भी लगे।
तमिलनाडु और महाराष्ट्र की टीमों के बीच मुकाबला
रविवार को बास्केटबाल स्टेडियम में सुबह तमिलनाडु और महाराष्ट्र की टीमों के बीच मुकाबला शुरू हुआ। मैच की शुरुआत में दोनों टीमों की ओर से सामान्य खेल खेला गया। मैच के आखिरी क्वार्टर में तमिलनाडु की टीम महाराष्ट्र से लीड लेने में कामयाब हुई।
मैच को हाथ से फिसलते देख महाराष्ट्र की टीम ने विरोधी टीम से धक्कामुक्की करनी शुरू कर दी। इसी दौरान महाराष्ट्र की टीम के खिलाड़ियों ने तमिलनाडु के प्रदीप कुमार पर अटैक कर दिया। इसमें प्रदीप की आंख में चोट आई और खून निकलने लगा।
बाद में उसे अस्पताल लेकर जाया गया वहां उसकी बाईं आंख के नीचे टांके लगाए गए। तमिलनाडु के कोच दीना करन के मुताबिक मैच के अंतिम क्षणों में उनकी टीम 113-93 से आगे चल रही थी।
मैच को हारने की कगार पर देखते हुए महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने हूटिंग और धक्कामुक्की शुरू कर दी। इसका विरोध जताने पर महाराष्ट्र की टीम पर अटैक कर दिया। जिसमें प्रदीप कुमार को आंख पर चोट आई है। कोच के अनुसार इस मामले की शिकायत टेक्निकल कमेटी के चेयरमैन से कर दी है।