सात बार के फॉर्मूला वन चैंपियन माइकल शूमाकर की हालत में सुधार नहीं हो रहा है और डॉक्टरों ने उनके प्रशंसकों को आने वाले दिनों में बुरी खबर के लिए तैयार रहने के लिए कहा है।
पिछले साल मेरीबेल फ्रेंच रिसोर्ट में स्कीइंग करते हुए इस महान फॉर्मूला वन ड्राइवर का जबरदस्त एक्सीडेंट हुआ था और उनका सिर एक चट्टान से टकरा गया था। इस दुर्घटना में शूमाकर के सिर में गंभीर चोट लगी और तब से वह कोमा में हैं।
फॉर्मूला वन के पूर्व चीफ डॉक्टर अमेरिका के गैरी हार्टस्टिन ने गुरुवार को कहा कि शूमाकर के प्रशंसकों को अब बुरी खबर के लिए खुद को तैयार कर लेना चाहिए।
शूमाकर को कोमा से बाहर लाने को कोशिशें जारी
वहीं, शूमाकर के 45 साल के मैनेजर सेबिनी केम ने पुष्टि करते हुए 13 दिन पहले कहा था कि शूमाकर को कोमा से बाहर निकालने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
हालांकि उन्होंने चेतावनी देते हुए यह भी कहा कि यह बहुत ही लंबी प्रक्रिया हो सकती है।
इससे पहले आई एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया कि मांसपेशियां कमजोर होने के कारण शूमाकर का 25 फीसदी वजन घट गया है और यह उस स्थिति में होता है जब कोई व्यक्ति कोमा में होता है तो उसकी मांसपेशियों का कोई इस्तेमाल नहीं होता।
शूमाकर में सुधार की संभावना बेहद कम
इस बीच, 2012 सत्र के अंत तक पैडॉक में काफी अहम भूमिका में रहने वाले डॉक्टर हार्टस्टिन ने भी माना कि यह प्रक्रिया वास्तव में काफी लंबी हो सकती है और शूमाकर की सेहत में सुधार की संभावना बेहद कम है।
उन्होंने कहा, ‘जैसे-जैसे समय जाता रहेगा, शूमाकर की वापसी की संभावनाएं भी कम होती जाएगी। मैं इस बात से काफी चिंतित हूं कि जब वास्तव में इस बुरी खबर की घोषणा की जाएगी तब क्या होगा। पूरी संभावना है कि शूमाकर का काफी वजन भी कम हो गया होगा।"
उन्होंने कहा, "मैंने फरारी टोपी, झंडे और शर्ट से लाल रंग में सरोबार सर्किट पर काफी साल बिताए हैं और यह सबकुछ शूमाकर के लिए था। मैं अभी भी उसके लिए प्रशंसकों के प्यार की गहराई और ढृढ़ता से कांप जाता हूं।"