अहमद शहजाद के बेहतरीन नाबाद शतक की बदौलत पाकिस्तान ने मेजबान बांग्लादेश को 50 रन से हराकर ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल के लिए अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
मीरपुर में हुए मुकाबले में ‘मैन ऑफ द मैच’ बने शहजाद ने अपने टी-20 करियर का पहला शतक जड़ा और पाकिस्तान की ओर से इस फॉरमेट में शतक ठोकने वाले पहले बल्लेबाज भी बने।
शहजाद ने 62 गेंदों में 10 चौकों और पांच छक्कों के साथ 111 रन की नाबाद तूफानी पारी खेली। यह इस वर्ल्ड कप का कुल दूसरा शतक है। इससे पहले इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स ने श्रीलंका के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी।
शहजाद के शतक के बाद उमर गुल के झटके
अहमद शहजाद की इस शतकीय पारी से पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 190 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
विस्फोटक बल्लेबाज शाहिद आफरीदी ने भी नौ गेंदों में एक चौके और दो छक्कों के साथ धुआंधार 22 रन बनाए।
जवाब में बांग्लादेश की टीम सात विकेट पर 140 रन ही बना सकी। बांग्लादेश के लिए साकिब अल हसन ने सर्वाधिक 38 रन की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से तेज गेंदबाज उमर गुल ने तीन विकेट चटकाए।
पाक की जीत से बाहर हुए कंगारू
ग्रुप-2 के इस मुकाबले में पाकिस्तान की जीत से न सिर्फ बांग्लादेश बल्कि ऑस्ट्रेलिया भी टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
बांग्लादेश की यह लगातार दूसरी हार है जबकि ऑस्ट्रेलिया ने भी अपने तीनों मैच गंवाए हैं। वहीं, पाकिस्तान के तीन मैचों में दो जीत के साथ चार अंक हो गए हैं। गत चैंपियन वेस्टइंडीज के भी तीन मैचों में दो जीत से चार अंक है।
टीम इंडिया पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है। इस ग्रुप से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम का फैसला पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मैच से होगा। इस मैच में जीतने वाली टीम को सेमीफाइनल में जगह मिलेगी।
खाता भी नहीं खोल सके उमर अकमल
इससे पहले टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि पाकिस्तान के शीर्ष तीन बल्लेबाज कामरान अकमल (09) और कप्तान मोहम्मद हफीज (08) को सस्ते में आउट हो गए।
उमर अकमल अपना खाता भी नहीं खोल सके। शहजाद और शोएब मलिक ने चौथे विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। शोएब मलिक ने 23 गेंदों में दो चौकों के साथ 26 रन बनाए।
भारतीय महिलाओं ने दर्ज की पहली जीत
हरमीत कौर के शानदार 77 रन के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय महिला टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को 79 रन से हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की।
तीन मैचों में भारत की यह पहली जीत है जिसके बाद सेमीफाइनल में पहुंचने की उसकी उम्मीद बेहद कम है।
सिल्हट में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पांच विकेट पर 151 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में बांग्लादेश की टीम आठ विकेट पर 72 रन ही बना सकी। तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी और शुभलक्ष्मी शर्मा ने तीन-तीन जबकि लेग स्पिनर पूनम यादव ने दो विकेट लिए। हरमीत ने 59 गेंद की अपनी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया। बांग्लादेश की ओर से कप्तान सलमा खातून ने सर्वाधिक 19 रन का योगदान किया।