आईपीएल की तर्ज पर होने वाली बहुप्रतीक्षित फुटबॉल लीग आईएसएल की आठ फ्रेंचाइजी टीमों का खुलासा रविवार को होगा जिन्हें खरीदने की होड़ में क्रिकेट, बॉलीवुड और कॉरपोरेट दिग्गज शामिल होंगे।
आईएमजी रिलायंस इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) को स्टार इंडिया के सहयोग से आयोजित करने जा रहा है।
इस चर्चित फुटबॉल लीग को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) का समर्थन हासिल है।
दुनियाभर के बड़े फुटबॉल सितारे आएंगे खेलने
इस लुभावनी फुटबॉल लीग में दुनियाभर के कई स्टार फुटबॉलरों के खेलने की संभावना है। मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व स्ट्राइकर ड्वाइट योर्क, अर्जेंटीना के पूर्व फॉरवर्ड हर्नान क्रेस्पो और इंग्लैंड के माइकल ओवन खेलते दिखाई दे सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार आठ टीमों को खरीदने की होड़ में दो भारतीय क्रिकेट लीजेंड, पांच बॉलीवुड हस्तियां, तीन आई लीग क्लब और पांच कारपोरेट दिग्गज शामिल हैं।
समझा जाता है कि आईएसएल के लिए जब निविदा बोली जारी की गई थी तब 30 से ज्यादा इच्छुक पार्टियों ने फ्रेंचाइजी खरीदने में रुचि दिखाई थी। आईएसएल की बोली 27 मार्च को समाप्त हुई थी।
आईपीएल की सफलता से प्रेरित है यह लीग
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की कामयाबी ने अन्य खेलों को भी ऐसी लीग आयोजित करने के लिए प्रेरित किया है जिसमें स्थानीय खिलाड़ियों के साथ अंतरराष्ट्रीय सितारे उतरें।
हॉकी इंडिया लीग के दो संस्करण सफलतापूर्वक हो चुके हैं। इंडियन बैडमिंटन लीग (आईबीएल) का दूसरा संस्करण इस वर्ष होने जा रहा है।
महेश भूपति की टेनिस लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी हो चुकी है जबकि इंडियन रेसलिंग लीग के भी इस वर्ष के अंत तक होने की संभावना है।
कौन-कौन हैं खरीदारों की होड़ में?
क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों में प्रीमियर लीग में टीमों को खरीदने का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है। हाल ही में अभिषेक बच्चन ने भी प्रो कबड्डी लीग में जयपुर की फ्रेंचाइजी टीम खरीदी है।
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली एक फ्रेंचाइजी खरीदने के लिए किसी कंसोर्टियम का हिस्सा बन सकते हैं। दूसरी ओर, रणवीर कपूर, अभिषेक बच्चन और जॉन अब्राहम जैसे बॉलीवुड सितारे इस लीग में अपनी रुचि दिखा रहे हैं।
आईएसएल के लिए नौ शहर बंगलूरू, चेन्नई, दिल्ली, गोवा, गुवाहाटी, कोच्चि, कोलकाता, मुंबई और पुणे होड़ में हैं जिनमें से आठ को शार्टलिस्ट किया जाएगा।