भारतीय ओलंपिक संघ 31 जनवरी से शुरू हो रहे राष्ट्रीय खेलों के लिए आवेदन तिथि बढ़ाने की तैयारी में है। इससे पहले अंतिम तिथि 31 दिसंबर थी।
15 जनवरी तक बढ़ाई जा रही तारीख
मगर तब तक राज्य की सिर्फ आठ खेल एसोसिएशन आवेदन कर पाई थीं। खेल एसोसिएशनों की लचर तैयारियों पर निराशा जताते हुए उत्तराखंड ओलंपिक संघ अध्यक्ष और भारतीय ओलंपिक संघ महासचिव राजीव मेहता ने कहा कि खिलाड़ियों के हित को देखते हुए तिथि 15 जनवरी तक बढ़ाई जा रही है।
केरल में 31 जनवरी से 14 फरवरी तक 35वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होना है। मगर राज्य की खेल एसोसिएशनें अभी तक सोई हैं। उत्तराखंड में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने का दावा करने वाली एसोसिएशनों को आवेदन की फुर्सत भी नहीं। उत्तराखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन चेयरमैन तकनीक कमेटी केजेएस कलसी का दावा कि टीम तो लगभग तैयार है।
बस कुछ कारणों से आवेदन नहीं किया जा सका। अब ओलंपिक संघ से आवेदन के लिए एक हफ्ते का समय मांगा है। इस बीच टीम भी घोषित हो जाएगी। दूसरी ओर उत्तराखंड स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन सचिव अख्तर अली कहते हैं कि हर दो साल में राष्ट्रीय खेल होते हैं।
उत्तराखंड बीते साल टॉप-8 में था, इसलिए अगले राष्ट्रीय खेलों में खेलेगा। वैसे राष्ट्रीय खेल के संबंध में उत्तराखंड ओलंपिक संघ और अखिल भारतीय फुटबॉल एसोसिएशन का न पत्र मिला है, न कोई जानकारी, इसलिए टीम नहीं भेजी जा रही है। हैंडबाल टीम 6 साल से क्वार्टर फाइनल तक नहीं पाई है।
इस कारण टीम नहीं चुनी गई है। बैडमिंटन एसोसिएशन के पास राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का टोटा है। इस कारण बैडमिंटन में पदक मिलने मुश्किल हैं। ताइक्वांडो की अभी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होनी है। टीम इसके बाद चुनी जाएगी।
राज्य में खेलों की मौजूदा हालत देखकर उत्तराखंड ओलंपिक संघ अध्यक्ष राजीव मेहता खुद अचरज में हैं। उनका कहना है कि खिलाड़ियों के हितों का ध्यान रखते हुए आवेदन तिथि 15 जनवरी तक बढ़ाई जा रही है।