वर्ल्ड नंबर वन राफेल नदाल और मारिया शारापोवा को इंडियन वेल्स में उलटफेर का सामना करना पड़ा है और तीसरे दौर में ही हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
गत चैंपियन और नंबर वन पुरुष खिलाड़ी स्पेन के राफेल नदाल इंडियन वेल्स में चल रहे इंडियन वेल्स टूर्नामेंट के तीसरे दौर में उलटफेर का शिकार होकर बाहर हो गए हैं।
टॉप सीड नदाल को 28वीं सीड उक्रेन के एलेक्सांद्रे डोल्गोपोलोव ने तीसरे राउंड में 3-6, 6-3, 6-7 से पराजित कर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दियाया।
करियर की सबसे बड़ी जीत रही
विश्व के 31वीं रैंक के खिलाड़ी डोल्गोपोलोव स्पेनिश खिलाड़ी के खिलाफ अपने पिछले पांच मैचों में शिकस्त झेल चुके है और नदाल पर यह उनकी पहली जीत है। नदाल यहां 2007, 2009 और 2013 में खिताब जीत चुके हैं।
डोल्गोपोलोव का चौथे राउंड में 13वीं सीड इटली के फाबियो फोगनिनी से मुकाबला होगा जिन्होंने 23वीं सीड फ्रांस के गाएल मोंफिल्स को 6-2, 3-6, 7-5 से हराया। मैच में नदाल ने निर्णायक सेट में काफी संघर्ष किया और एक समय पिछड़ने के बाद स्कोर 5-2 किया। लेकिन टाईब्रेक में 31वीं रैक खिलाड़ी ने 7-5 से जीत दर्ज कर नडाल का सपना तोड़ दिया।
अन्य मुकाबलों में विंबलडन चैंपियन ब्रिटेन के एंडी मरे ने शुरूआती झटकों से उबरने के बाद चेक गणराज्य के जिरी वैस्ले को 6-7, 6-4, 6-4 से पराजित कर चौथे दौर का टिकट कटा लिया। मरे का चौथे राउंड में 10वीं सीड कनाडा के मिलोस राओनिक से मुकाबला होगा जिन्होंने कोलंबिया के एलेजांद्रो फाला को लगातार सेटों में 6-4, 6-3 से हराया था।
फेडरर भी अगले दौर में
स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने भी अगले दौर में प्रवेश कर लिया। पूर्व नंबर वन और सातवीं सीड फेडरर ने 27वीं सीड रूस के दिमित्री टूरसुनोव को चुनौतीपूर्ण मैच में 7-6, 7-6 से मात दी।
वर्ष का पहला ग्रैंड स्लेम आस्ट्रेलियन ओपन अपने नाम करने वाले तीसरी सीड स्विट्जरलैंड के स्टेनिसलास वावरिंका ने 29वीं सीड इटली के आंद्रियस सेप्पी को आसानी से 6-0, 6-2 से पराजित किया।
जबकि 17वीं सीड दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन ने भी रूस के इवजेनी डान्सकाय को 4-6, 6-0, 6-3 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
शारापोवा पर मिली सबसे बड़ी जीत
महिला वर्ग में चौथी सीड रूसी खिलाड़ी मारिया शारापोवा को भी तीसरे दौर में सनसनीखेज हार का सामना करना पड़ा। शारापोवा को इटली की कैमिला ज्योर्जी के हाथों 3-6, 6-4, 5-7 से तीसरे दौर में शिकस्त झेलनी पड़ी।
22 वर्षीय ज्योर्जी के लिए रूसी खिलाड़ी पर यह करियर की सबसे बड़ी जीत है।
इसके अलावा अन्य महिला एकल मुकाबलों में आठवीं सीड चेक गणराज्य की पेत्रा क्वीतोवा ने 27वीं सीड रूस की स्वेतलाना कुज्नेत्सोवा को 6-3, 2-6, 6-0 से और 12वीं सीड स्लोवाकिया की डोमिनिका सिबुलकोवा ने 23वीं सीड एकातेरीना माकारोवा को 6-4, 7-5 से हराया।
पेस और सानिया क्वार्टर फाइनल में
भारत के लिएंडर पेस और शीर्ष महिला खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने एटीपी इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट में अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ पुरुष और महिला युगल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
पेस ने चेक गणराज्य के अपने जोड़ीदार रादेक स्तेपानेक के साथ वाइल्ड कार्ड प्रवेशधारियों इस्ररायल के जोनाथन एर्लिच और फ्रांस के रिचर्ड गास्के को 6-3, 7-5 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
वहीं, महिला युगल में सानिया और जिम्बाब्वे की कारा ब्लैक की पांचवीं सीड जोड़ी ने अमेरिका की राकेल कोप्स जोंस और एबीगेल स्पीयर्स को एक घंटे 12 मिनट तक चले मुकाबले में 6-3, 6-4 से हराया।