9वें ओएनजीसी राज्य स्तरीय सब-जूनियर बास्केटबाल टूर्नामेंट में मसूरी ने दोहरी जीत के साथ शानदार आगाज किया।
बालिका वर्ग में देहरादून और मसूरी ने जीत हासिल की, जबकि बालक वर्ग में नैनीताल, मसूरी और हरिद्वार शहर ने अपने-अपने मुकाबले जीते।
बालिका वर्ग में हरिद्वार को रौंदा
दून स्कूल में शुक्रवार को उत्तराखंड बास्केटबाल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित बास्केटबाल टूर्नामेंट में बालिका वर्ग के पहले मैच में देहरादून ने हरिद्वार शहर को 37-16 के अंतर से हराया।
देहरादून की मानवी चड्ढा ने 8 और हरिद्वार शहर की सुहानी ने 6 अंक हासिल किए। दूसरे मैच में मसूरी ने हरिद्वार जिले को 24-2 से करारी शिकस्त दी। मसूरी की सुप्रिया ने 8 और हरिद्वार जिले की सुरभि ने दो अंक जुटाए।
बालक वर्ग में भी मसूरी की जीत
बालक वर्ग के पहले मैच में नैनीताल ने ऊधमसिंह नगर को कड़े संघर्ष के बाद 16-14 के अंतर से हराया। नैनीताल के राहुल ने 8 और ऊधमसिंह नगर के पुष्कर ने 6 अंक जुटाए।
दूसरे मैच में मसूरी ने हरिद्वार जिले को 21-16 के अंतर से शिकस्त दी। मसूरी के आर्यन ने 6 और हरिद्वार जिले के आशुतोष ने 10 अंक हासिल किए। तीसरे मैच में हरिद्वार शहर ने टिहरी को 15-6 से शिकस्त दी। हरिद्वार शहर के सौरभ ने 8 और टिहरी के साहिल ने 6 अंक जुटाए।