फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माफी के बाद वापस हुआ पदक, किसने मांगी माफी ये पता नहीं

Fri, 03 Oct 2014 03:38 PM IST
हेमंत रस्तोगी/अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
मुक्केबाज सरिता देवी की ओर से कांस्य पदक वापस किए जाने का मामला हद से ज्यादा तूल पकड़ गया है। इस पूरे प्रकरण के बाद इंचियोन आए भारतीय दल के अधिकारी और पूरी बॉक्सिंग टीम मुश्किल में पड़ गई है।
विज्ञापन


भारतीय दल ने गुरुवार को ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) से बाकायदा इस मामले के लिए माफी मांगी है। इस कदम के बाद ही ओसीए भारत को सरिता का कांस्य पदक वापस लौटाने को तैयार हुआ।

पदक भारतीय दल केचेफ डि मिशन आदिल सुमारीवाला को सौंपा गया है, लेकिन यह अब तक साफ नहीं हो पाया है कि माफी किसकी ओर से मांगी गई है। भारतीय दल दावा कर रहा है कि माफी सरिता देवी ने मांगी है। वहीं ओसीए के एक उच्चाधिकारी ने कहा है कि माफी तो मांगी गई है, लेकिन यह भी खुलासा किया माफी सरिता ने नहीं मांगी है।
विज्ञापन

भारत से पदक छीनने की उठी थी बात

भारतीय महिला बॉक्सिंग टीम रात में भारत के लिए रवाना हो गई। टीम शुक्रवार तड़के दिल्ली पहुंच रही है। पदक जरूर मिल गया है, लेकिन आईबा की कार्रवाई की तलवार अब तक सरिता पर लटकी है। सूत्रों का कहना है कि सरिता पर आईबा एशियाई खेलों के बाद आजीवन प्रतिबंध तक लगा सकता है।

पदक तो वापस हो गया है, लेकिन यह अब तक तय नहीं है कि इसे सरिता देवी वापस लेंगी या नहीं। चेफ डि मिशन ने इस प्रकरण के बाद सरिता को काफी समझाने की कोशिश की लेकिन वह झुकने को तैयार नहीं हैं। अभी भी यह तय नहीं है कि वह पदक वापस भी लेंगी या नहीं, लेकिन उन पर चारों ओर से दबाव डाला जाना शुरू हो गया है।

सिफारिश तो यहां तक की गई थी कि भारत से यह पदक ही छीन लिया जाए। लेकिन ओसीए के एक आला अधिकारी ने बताया कि सिर्फ बॉक्सिंग में नाइंसाफी की शिकायतें सिर्फ भारत की ओर से ही नहीं आई हैं। कई देशों ने इस बारे में शिकायत ओसीए से की है। ओसीए ने इन शिकायतों से आईबा को अवगत भी कराया है। इसके बाद ही माफी मांगे जाने की शर्त पर भारत के पदक वापस किए जाने का रास्ता साफ हुआ है।
विज्ञापन

ओजीक्यू ने सरिता को दिए 10 लाख रुपए

पूरे प्रकरण के बाद इंचियोन आई भारतीय टीम की आयोजकों और आईबा ने उपेक्षा शुरू कर दी है। सूत्र बताते हैं कि आईबा के किसी उच्चाधिकारी ने गुरुवार को भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ से कोई बात नहीं की। सूत्र बताते हैं कि आईबा की कार्रवाई सिर्फ सरिता पर नहीं बल्कि भारतीय टीम पर भी हो सकती है। इसका कारण टेक्निकल डेलीगेट की ओर से टीम पर इस मामले में मिलीभगत होने का आरोप लगाया गया है। जिसके चलते पूरी महिला टीम और सपोर्ट स्टाफ पर कार्रवाई की जा सकती है।

दूसरी ओर, ओलंपिक गोल्ड क्यूएस्ट (ओजीक्यू) ने एशियन गेम्स की मुक्केबाजी स्पर्धा में विवादास्पद तरीके से सेमीफाइनल हारने वाली भारतीय बॉक्सर सरिता देवी को सांत्वना देते हुए 10 लाख रुपए की राशि दी है।

सरिता को महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग में दक्षिण कोरिया कि जी-ना पार्क के खिलाफ जजों के पक्षपातपूर्ण फैसले का शिकार होना पड़ा था। ओजीक्यू ने एक बयान जारी करते हुए कहा, "ओजीक्यू समर्थक मुक्केबाज सरिता देवी को दस लाख रुपए अवॉर्ड देने की घोषणा करती है।" इसके अलावा ओजीक्यू ने सरिता की ट्रेनिंग के लिए दस लाख रुपए के बजट की भी घोषणा की है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें