चौथे आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट में वेल्हम गर्ल्स स्कूल ने जीत का सिलसिला जारी रखा। आईडीपीएल ऋषिकेश, मोरेवियन इंस्टीट्यूट और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की टीम भी जीतीं।
वेल्हम को मिली 1-0 की बढ़त
वेल्हम गर्ल्स स्कूल में सोमवार को वेल्हम गर्ल्स ब्ल्यू का सामना यूनिसन वर्ल्ड स्कूल से हुआ। चौथे मिनट में श्रेया के गोल से वेल्हम को 1-0 की बढ़त मिली।
आठवें मिनट में इशरत ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। मेधावी ने 16, श्रुति ने 17वें मिनट में लगातार गोल कर स्कोर 4-0 कर दिया। मैच के 30वें मिनट में प्रेरणा ने वेल्हम के लिए पांचवां गोल दागा।
इसके बाद श्रुति ने 34वें मिट में गोल कर स्कोर 6-0 कर दिया। निर्धारित समय तक वेल्हम ने बढ़त बनाए रखी और जीत हासिल की। दूसरे मैच में मोरेवियन इंस्टीट्यूट ने एमकेपी इंटर कॉलेज को 3-0 से शिकस्त दी।
सीएनआई 4-0 से हारा
मोरेवियन इंस्टीट्यूट की एलिसिबा ने 19वें, अंजलि ने 31वें और छुम ने 37वें मिनट में गोल किया। तीसरे मैच में आईडीपीएल ऋषिकेश ने सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज को 4-0 से मात दी।
ऋषिकेश की सुमन ने 16वें, अंकिता ने 24वें, सुरभि ने 31वें और मोनिका ने 38वें मिनट मे गोल दागे। दिन के अंतिम मैच में राजकीय बालिका इंटर कालेज ने स्कॉलर्स होम को 2-0 से हराया। राखी ने आठवें और निकिता ने 39वें मिनट में गोल किए।